
पुलिस झंडा दिवस पर एसएसपी ने किया ध्वजारोहण, पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रेषित संदेश पढ़कर सुनाया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने पुलिस झंडा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, साहस, त्याग, बलिदान, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस झंडा दिवस पुलिस विभाग के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक है। यह दिवस पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने तथा जनसेवा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही पुलिस बल की गरिमा, प्रतिष्ठा और गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने विभाग की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।
