
औरैया में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ‘पुलिस झंडा दिवस’, एसपी ने फहराया ध्वज
पुलिस अधीक्षक ने डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया, अधिकारियों व कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा और ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए किया प्रेरित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, जनपद में सोमवार को ‘पुलिस झंडा दिवस’ पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय (ककोर) परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक औरैया ने विधिवत रूप से पुलिस ध्वज फहराया और ध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया तथा सभी की वर्दी पर पुलिस झंडा दिवस का प्रतीक चिन्ह (स्टीकर) लगाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), उत्तर प्रदेश द्वारा इस विशेष अवसर पर जारी संदेश को पढ़कर सुनाया।
**ध्वज की गरिमा बनाए रखने का आह्वान**
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराते हुए कहा कि यह ध्वज हमारे शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा और सम्मान को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक औरैया, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
