
प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
इटावा में जनपद स्तरीय बैठक, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने और लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यक्रमों की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एक जनपद-एक नदी योजना के तहत सिरसा नदी के पुनरुद्धार कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 53 किलोमीटर लंबी नदी का पुनरुद्धार किया गया है। नदी के किनारे 33,315 पौधे लगाए गए हैं तथा जल को छानकर नदी में प्रवाहित करने के लिए फिल्टर चैंबर स्थापित किए गए हैं। मंत्री ने नदी के संरक्षण एवं स्वच्छता के कार्यों को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों तक इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। वहीं, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत प्राप्त 1,500 आवेदनों में से 1,087 लाभार्थियों के अनुमोदन तथा 989 किसानों के खेतों में माइक्रो इरिगेशन सिस्टम स्थापित किए जाने की जानकारी दी गई।
कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसान समृद्धि योजना के तहत 2,88,500 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 2,88,002 किसानों को लाभान्वित किया गया है। फार्मर रजिस्ट्री का कार्य 82.65 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मंत्री ने किसानों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्राम विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक निर्धारित 18,306 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष 18,287 आवास पूर्ण होने की जानकारी दी गई। आवास निर्माण की प्रगति 99.90 प्रतिशत बताई गई। वहीं, वीबी-जी राम जी के अंतर्गत 14 खेल मैदान, 20 मनरेगा पार्क, 75 मॉडल शॉप, 47 आंगनबाड़ी भवन और 9 सामुदायिक बागवानी के कार्य कराए जाने की जानकारी दी गई। मंत्री ने पूर्ण कार्यों के रखरखाव एवं संचालन के लिए समितियां गठित करने को कहा।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति की जानकारी दी गई। प्रभारी मंत्री ने किसानों को निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने तथा विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने विजिलेंस जांच के दौरान गरीब एवं सामान्य उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान नहीं करने और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न रोकने पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मंत्री ने लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एक्स-रे मशीनों को 15 दिन के भीतर क्रियाशील कराने और बिना पंजीकरण संचालित नर्सिंग होम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
जल जीवन मिशन के तहत फेज-2 में 159 तथा फेज-3 में 281 गांवों में कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। मंत्री ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान काटी गई सड़कों को कार्य पूरा होने के बाद तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। पंचायती राज विभाग को निर्मित व्यक्तिगत शौचालयों को साफ-सुथरा एवं क्रियाशील बनाए रखने को कहा गया।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में स्कूल चलो अभियान के तहत 23,913 नए नामांकन की जानकारी दी गई। मंत्री ने बच्चों को यूनिफॉर्म, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 54 गोशालाओं में 11,277 गोवंश संरक्षित हैं। मंत्री ने गोवंश के संरक्षण एवं देखभाल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनसुनवाई नियमित रूप से की जा रही है और इस मामले में प्रदेश में जनपद इटावा पहले स्थान पर है। उन्होंने ऑपरेशन दहन, मिशन शक्ति जनजागरूकता अभियान तथा ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी।
बैठक में सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने कोकपुरा स्थित सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई तथा यमुना नदी की स्वच्छता सुनिश्चित कराने की आवश्यकता उठाई। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत कार्य पूर्ण हो चुके गांवों की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा।
प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने प्रभारी मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, सामाजिक निदेशक वानिकी अभिषेक अजित इनामदार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


