
हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए, जिम्मेदारी से मतदाता सूची त्रुटि रहित बनाएं : कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह
मतदाता मतदान केंद्र जाकर बीएलओ से अपना नाम जुड़वा या सुधरवा सकेंगे
कमिश्नर ने निर्देश दिए 85 वर्ष के अधिक के मतदाताओं का सत्यापन किया जाए
दूसरी जगह से आई नव विवाहित युवतियों का नाम भी मतदाता सूची में जोड़ा जाए
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . हम जिम्मेदारी से मतदाता सूची त्रुटि रहित बनाएं। सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ें। मतदाता सूची में ऐसे मतदाता का नाम न हो जो अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनका नाम रिपीट हुआ है या जिनकी मृत्यु हो चुकी है। सभी बीएलओ मतदान केंद्र पर बैठ रहे हैं, जो मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जुडवाना चाहते हैं या अपने नाम की त्रुटि सुधारना चाहते हैं या अपना नाम मतदाता सूची से हटवाना चाहते हैं वह बीएलओ के पास जाकर उक्त प्रक्रिया कर सकते हैं। मतदाता को मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 तथा मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन स्थानांतरण और बिना संशोधन के एपिक कार्ड के लिए फॉर्म 8 भर कर बीएलओ को प्रस्तुत करना होगा। बताया गया कि बीएलओ अवकाश के दिनों में भी मतदान केंद्र में उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि रीवा संभाग कमिश्नर एवं रोल प्रेक्षक श्री शीलेंद्र सिंह मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 1 जनवरी 2027 के मान से फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे थे। निर्वाचन संबंधी बैठक में विधायक मनगंवा इंजीनियर श्री नरेंद्र प्रजापति, उप मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि श्री राजेश पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि श्री बालेंद्र चतुर्वेदी, कांग्रेस पार्टी से श्री बृजवासी प्रसाद मिश्रा, बहुजन समाज पार्टी से श्री विवेक वर्मा, जनप्रतिनिधि श्री तरुण शेखर, कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुधीर कुमार बेक रीवा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कमिश्नर ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का एक बार वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कर लें। यह सुनिश्चित कर लें कि मतदाता जीवित है अथवा नहीं। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि दूसरी जगह से विवाह कर आई नव विवाहित युवतियों का नाम भी मतदाता सूची में जोड़ा जाए। कमिश्नर ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वह अपने ब्लॉक लेवल एजेंट के माध्यम से यह देखें कि उनकी जानकारी में कोई पात्र मतदाता छूट तो नहीं रहा है, यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो प्राथमिकता से मतदाता का नाम मतदाता सूची से जुड़वाया जाएगा। कमिश्नर ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बीएलओ और बीएलए की बैठक इसी माह अनिवार्य रूप से करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में अंकित ब्लैक एंड व्हाइट फोटो के स्थान पर कलर फोटो लगाई जाए। निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार आधार से ईपिक लिंक की जाएगी। कमिश्नर ने रीवा जिले में महिला एवं पुरुष जेंडर रेशियो के अनुसार महिला मतदाताओं की कम संख्या को सुधारने के निर्देश देते हुए कहा कि महिला मतदाताओं का नाम अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने की आवश्यकता है। कमिश्नर ने उन सभी व्यक्तियों से आग्रह किया जिनके नाम मतदाता सूची में अब तक नहीं जुड़े हैं। कमिश्नर ने कहा कि ऐसे व्यक्ति अपने नजदीक के मतदान केंद्र में जाकर फॉर्म 6 भरकर बीएलओ के माध्यम से अपना नाम जुड़वाना सुनिश्चित करें। साथ ही यदि किसी मतदाता के नाम में त्रुटि है तो वह त्रुटि भी बीएलओ के माध्यम से सुधरवाएं। कमिश्नर ने बताया कि अवकाश के दिनों में भी बीएलओ मतदान केंद्र में बैठकर निर्वाचन संबंधी कार्य करेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुधीर कुमार बेक ने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार मतदाता की पात्रता निर्धारित की गई है। इसके लिए मतदाता की आयु कम से कम 18 वर्ष होना चाहिए, उसका संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास करना और किसी कानून के अंतर्गत अयोग्य न होना शामिल है। श्री बेक ने बताया कि फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के अनुसार 28 दिसंबर 2026 को प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा तथा 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। श्री बेक ने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के पूर्व मतदान केंद्र की संख्या 1707 थी बाद में आयोग द्वारा 4 नए मतदान केंद्रों का अनुमोदन किया गया। इस तरह अब रीवा जिले के 6 विधानसभा क्षेत्र में कुल 1711 मतदान केंद्र है। साथ ही बीएलओ की संख्या भी 1711 है। राजनीतिक दलों ने भी अपने ब्लॉक लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं, इसके तहत भारतीय जनता पार्टी ने 1496 कांग्रेस पार्टी ने 1496 एवं बहुजन समाज पार्टी ने 833 ब्लॉक लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं। बताया गया कि 12 नवंबर 2026 की स्थिति में मतदाताओं द्वारा फॉर्म 6 भरने के आधार पर 46 हजार 813 नए नाम मतदाता सूची से जोड़े गए हैं। वहीं मतदाताओं द्वारा फार्म 7 भरने के आधार पर 10 हजार 902 नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। बताया गया कि 12 नवंबर 2026 को मतदाताओं की प्रारूप प्रकाशन के पश्चात वर्तमान में मतदाताओं की संख्या 13 लाख 41 हजार 384 है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ एप में उन मतदाताओं की जानकारी दिखाई देगी जिनके फोटो या नाम, रिश्तेदारों का नाम, आयु और जन्मतिथि जैसी जानकारी में कोई समस्या है। बीएलओ गलत जानकारी की समीक्षा कर सकते हैं और फॉर्म 8 भरना शुरू कर सकते हैं, जिससे आवेदन के कारण के रूप में प्रविष्टियों में सुधार स्वत: ही चुना जाएगा। धुंधली या गलत तस्वीरों के मामले में भी फोटो सुधार स्वत: ही चुना जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 5 और 6 दिसंबर को विशेष शिविर आयोजित कर 18 से 19 वर्ष के नए मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियों का 15 दिवस की समय सीमा में निराकरण किया जाना है। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं एवं स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं का सत्यापन भी किया जाएगा। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल करना भी सुनिश्चित किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखी अपनी बात :- बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखते हुए अनेक सुझाव साझा किए। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जो मतदान केंद्र दूरस्थ स्थल पर हैं मतदाताओं की सुविधा के लिए उन्हें नजदीक बनाया जाए। बाहर से विवाह कर आई युवतियों का नाम भी मतदाता सूची से जोड़ा जाए। आधार से मतदाता पहचान पत्र की शत-प्रतिशत लिंकिंग की जाए। कमिश्नर ने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि वह अपने सुझाव लिखित रूप में उप जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करें।
कमिश्नर एवं रोल प्रेक्षक ने निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरण किये :- कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित निर्वाचन संबंधी बैठक में रीवा संभाग कमिश्नर एवं रोल प्रेक्षक श्री शीलेंद्र सिंह ने निर्वाचन संबंधी निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता के विजेता स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कमिश्नर ने निबंध प्रतियोगिता के विजेता वेदिका तिवारी, श्रीराम तिवारी, लक्ष्मी जयसवाल, पूनम मिश्रा, स्नेहा सिंह, मानसी मिश्रा, लवली माझी, सरिता शुक्ला, शुभम मिश्रा एवं नम्रता दुबे को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कमिश्नर ने क्विज प्रतियोगिता के विजेता त्रिषा शुक्ला, अनामिका पाण्डेय, शिवानी दहिया, अंकेश, प्रियांशी पाण्डेय, अभिषेक शर्मा, मीनू माझी एवं अमृतलाल प्रजापति को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

