
जल जीवन मिशन के कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के दिए निर्देश
जनपद में 671 ग्रामों में पाइप पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्य संचालित, 353 अवर जलाशयों एवं 412 नलकूपों का निर्माण कार्य पूर्ण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के समस्त नामित सदस्यों, कार्यरत एजेंसियों, जनपद में कार्यरत थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी तथा जल निगम के अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जल जीवन मिशन के फेज-2 एवं फेज-3 (हर घर जल) के अंतर्गत जनपद औरैया में राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन, लखनऊ द्वारा चयनित फर्म मेसर्स द इंडियन ह्यूम पाइप कंपनी लिमिटेड द्वारा 151 राजस्व ग्रामों में 97 पाइप पेयजल योजनाओं तथा मेसर्स जी.वी.पी.आर. इंजीनियर्स लिमिटेड द्वारा 574 राजस्व ग्रामों में 278 पाइप पेयजल योजनाओं के निर्माण संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। इस प्रकार जनपद के कुल 725 राजस्व ग्रामों में 375 पाइप पेयजल योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि जनपद के 43 ग्राम जल निगम की 37 नग पूर्वनिर्मित योजनाओं में सम्मिलित हैं। इनमें से 05 योजनाएं पूर्ण क्षमता पर संचालित हैं, जबकि 29 योजनाओं के माध्यम से आंशिक क्षमता पर जलापूर्ति की जा रही है।
समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 359 अवर जलाशयों के सापेक्ष 353 अवर जलाशयों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष 06 अवर जलाशयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार निर्धारित 412 नलकूपों के सापेक्ष सभी 412 नलकूपों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
पाइप पेयजल योजनाओं के अंतर्गत 3555 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने के लक्ष्य के सापेक्ष 3545 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष 10 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त वर्तमान में 298 पाइप पेयजल योजनाओं के समस्त कार्य पूर्ण कर उनका संचालन एवं अनुरक्षण कराया जा रहा है। वहीं 64 पाइप पेयजल योजनाओं में ट्रायल का कार्य प्रगति पर है तथा शेष 13 पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य जारी है।
जनपद के 768 ग्रामों के सापेक्ष 741 ग्रामों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित वाटर सप्लाई की जा रही है। वहीं सड़कों के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य की समीक्षा में बताया गया कि 2343 किलोमीटर के लक्ष्य के सापेक्ष 2342 किलोमीटर सड़कों की मोटरेबल/पुनर्स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष 01 किलोमीटर सड़क का पुनर्स्थापन कार्य प्रगति पर है।
इसके साथ ही घरेलू नल संयोजन के अंतर्गत 2,17,903 कार्यशील घरेलू नल संयोजनों के लक्ष्य के सापेक्ष 2,15,217 ग्रामीण परिवारों को कार्यशील हाउस टैप कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को घर पर ही नल के माध्यम से पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने समीक्षा के दौरान शेष बचे हुए समस्त निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़कों की खुदाई के कारण पुनर्स्थापन का कार्य अवशेष है, वहां सड़कों का शीघ्र रेस्टोरेशन कराया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का नियमित निरीक्षण करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सभी योजनाओं की जियो टैगिंग कराई जाए तथा जो योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनमें शीघ्र जलार्पण कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को घर पर ही शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। अतः इस योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से जल सारथी ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की रियल टाइम स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इससे आमजन भी अपने क्षेत्र में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति एवं स्थिति से अवगत हो सकेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी संचालन एवं अनुरक्षण सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति बनाए रखी जाए, ताकि हर घर जल के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से साकार किया जा सके।
उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण राकेश कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।