प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

भू अर्जन एवं भूमि आवंटन के प्रकरण निराकृत करने में कलेक्टर्स अनावश्यक विलम्ब न करें -कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह

भू अर्जन एवं भूमि आवंटन के प्रकरण निराकृत करने में कलेक्टर्स अनावश्यक विलम्ब न करें -कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह

सभी एसडीएम एवं तहसीलदार राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर प्राथमिकता से दर्ज करें

होम डिलीवरी वाले एरिया में सतत काउंसलिंग एवं मॉनिटरिंग की जाए

सरकारी भूमि पर जहां लोग रह रहे हैं वहां ड्रोन सर्वे कराकर उस एरिया को आबादी क्षेत्र घोषित करें

खरीदी केंद्रों में तौल कांटों की व्यवस्था कर किसानों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं

कमिश्नर ने राजस्व, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा : रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने गुरुवार को राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। कमिश्नर ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे भू अर्जन एवं भूमि आवंटन के प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न करें, साथ ही शासकीय प्रयोजन से जो भूमि शासकीय संस्था या विभाग को आवंटित की जा रही है उस भूमि का नामांतरण उस शासकीय संस्था या विभाग के नाम पर राजस्व रिकॉर्ड में प्राथमिकता से दर्ज किया जाए, खसरे में भी भूमि दर्ज की जाए। अभी भी 5 वर्ष से अधिक के भू अर्जन एवं भूमि आवंटन के प्रकरण लंबित है जो कि चिंताजनक है। सभी एसडीएम एवं तहसीलदार राजस्व के प्राप्त प्रकरण प्राथमिकता से आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की कि अभी भी कई प्रकरण अनरजिस्टर्ड हैं जिसके कारण राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब हो रहा है।

 

कमिश्नर ने नामांतरण, बटवारा एवं सीमांकन तथा फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना में हुई प्रगति के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। बताया गया कि रीवा संभाग में नामांतरण के 101265 प्रकरणों में से 89334 प्रकरणों का निराकरण किया गया है जो कि 88 प्रतिशत है। वहीं सीमांकन के 55176 प्रकरणों में से 53761 प्रकरणों का निराकरण किया गया है जो कि 97 प्रतिशत है। बंटवारा के 22307 में से 18684 प्रकरणों का निराकरण सफलतापूर्वक किया गया है। निराकरण का प्रतिशत 83 है। कमिश्नर ने स्वामित्व योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री में और बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने अमरपाटन एवं रामनगर में स्वामित्व योजना में और अधिक बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए साथ ही गोपद बनास तहसील में नामांतरण बंटवारा के निराकरण की स्थिति को सुधारने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वह शासकीय जमीन या गोठान या अन्य मद की शासकीय जमीन पर बसे हुए लोगों का ड्रोन सर्वे कराकर उसे क्षेत्र को आबादी क्षेत्र घोषित कराएं। जिस जिले में नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के एक हजार से अधिक प्रकरण सीएम हेल्पलाइन में लंबित हैं, वहां संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदार को नोटिस देकर प्रभावशील कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अब तक संभाग में मात्र 10.03 प्रतिशत वसूली पर असंतोष व्यक्त करते हुए शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए।

 

कमिश्नर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए होम डिलीवरी के प्रकरणों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि किसी भी गर्भवती महिला का प्रसव घर पर न हो। जिन क्षेत्रों में होम डिलीवरी की संख्या ज्यादा है वहां पर महिला बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग का अमला सतत रूप से पहुंचकर काउंसलिंग करे, लगातार मॉनिटरिंग करें और लोगों को समझाएं कि वह नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र या जिला चिकित्सालय में ही गर्भवती महिला का प्रसव करवाएं। आने वाले दिनों में होम डिलीवरी जीरो तक पहुंचाना है। कई जगह प्री प्लानिंग न होने के चलते गर्भवती महिलाओं की रास्ते में ही डिलीवरी होने की एवं उनके शिशु की मृत्यु होने की जानकारी सामने आई है। कमिश्नर ने इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति निर्मित होने पर संबंधित अमले पर सख्त करवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि आज के समय में सभी संसाधन उपलब्ध हैं, बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है उसके बाद भी यदि मातृ एवं शिशु मृत्यु होती है तो संबंधित अधिकारियों पर नियम अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दूरस्थ गांव की गर्भवती महिलाओं के लिए जिला चिकित्सालय में बर्थ वेटिंग वार्ड है, गर्भवती महिलाओं को प्रसव के पूर्व ही बर्थ वेटिंग वार्ड में भर्ती कराया जाए और उनका सुरक्षित प्रसव कराया जाए। कमिश्नर ने दूरस्थ स्थलों पर समय पर जननी एक्सप्रेस एवं एंबुलेंस पहुंचाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मातृ वंदना योजना के तहत जो शिकायतें प्राप्त हो रही है उसका निराकरण शत-प्रतिशत किया जाए।

 

कमिश्नर ने पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाईयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग फूड बास्केट का वितरण करें, साथ ही धीमी गति से टेक होम राशन पहुंचाने पर कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कलेक्टर ऐसी स्थिति पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि आगामी एक दिसंबर से धान उपार्जन का कार्य शुरू किया जाना है। इसके लिए सभी उपार्जन केंद्रों में तौल कांटों को पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, साथ ही उपार्जन केंद्रों में किसानों को शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया एवं धान को बारिश से बचने के लिए तिरपाल लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों में एफएक्यू क्वालिटी की धान की ही खरीदी जाए साथ ही इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए कि उपार्जन केंद्रों में समीपवर्ती प्रदेश के किसान एवं बिचौलिये अपनी धान न बेचने पाएं। मिलर्स के माध्यम से मिलिंग कराकर गोदाम एवं वेयरहाउस में स्पेस बनाया जाए।

 

कमिश्नर ने कलेक्टर्स से कहा कि वह नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावशील रोक लगाएं। कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को नरवाई न जलाने की समझाइश दी जाए। कमिश्नर ने फसल कटाई कार्य की समीक्षा की और निर्देश दिए कि आगामी फसल के लिए किसानों को शासकीय दर पर ही खाद एवं यूरिया का वितरण किया जाए। यदि कोई व्यक्ति निर्धारित दर से अधिक राशि पर खाद एवं यूरिया बेचता पाया जाए तो उस व्यक्ति के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करा कर नियम अनुसार सख्त करवाई की जाए। कमिश्नर ने संबंधित जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वह सिकल सेल एनीमिया के मरीजो के चिन्हाकन के लिए शिविर आयोजित करें और सिकल सेल मरीजों का उपचार कराना सुनिश्चित करें। समीक्षा बैठक में रीवा कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, मऊगंज कलेक्टर श्री राजेश कुमार ओगरे, मैहर कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, सतना कलेक्टर श्री सतीश कुमार एस, सिंगरौली कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना, सीधी कलेक्टर श्री विकास मिश्रा गूगल मीट के माध्यम से उपस्थित थे। वहीं संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व श्री एलएल अहिरवार, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अर्चना पाण्डेय, सीएमएचओ डॉ. सुधाकर पांडे, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती शशि श्याम उइके ऑफलाइन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button