
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाएं, पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें: मंडलायुक्त
18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा : मंडलायुक्त, कानपुर मंडल, कानपुर/रोल प्रेक्षक श्री एस. राजलिंगम जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंडलायुक्त/रोल प्रेक्षक महोदय ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 17 नवंबर, 2026 को किया जा चुका है। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, संशोधन कराने तथा नाम हटाने के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित है। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को किया जाएगा।
जनपद के तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 199-जसवंतनगर, 200-इटावा एवं 201-भरथना (अ.जा.) में पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। समायोजन के उपरांत जनपद में कुल 941 मतदान केंद्र तथा 1,391 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
आलेख्य प्रकाशन के अनुसार जनपद की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार मतदाता संख्या निम्नवत है- 199-जसवंतनगर: 1,97,252 पुरुष, 1,61,276 महिला एवं 10 अन्य सहित कुल 3,58,538 मतदाता।200-इटावा: 1,84,303 पुरुष, 1,57,340 महिला एवं 06 अन्य सहित कुल 3,41,649 मतदाता। 201-भरथना (अ.जा.): 2,00,593 पुरुष, 1,63,142 महिला एवं 04 अन्य सहित कुल 3,63,739 मतदाता। इस प्रकार जनपद में कुल 5,82,148 पुरुष, 4,81,758 महिला एवं 20 अन्य सहित कुल 10,63,926 मतदाता हैं।
आलेख्य प्रकाशन के बाद 17 नवंबर से 26 नवंबर, 2026 तक जनपद में कुल 14,074 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें फार्म-6 के 10,596, फार्म-7 के 974 तथा फार्म-8 के 2,504 आवेदन शामिल हैं। माननीय मंडलायुक्त महोदय ने प्राप्त आवेदन पत्रों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के पंजीकरण की समीक्षा में बताया गया कि उक्त अवधि में फार्म-6 के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र 199-जसवंतनगर में 650, विधानसभा क्षेत्र 200-इटावा में 840 तथा विधानसभा क्षेत्र 201-भरथना में 889 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार 18-19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2,379 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,255 पुरुष एवं 1,124 महिला आवेदक शामिल हैं।
मंडलायुक्त/रोल प्रेक्षक महोदय ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में ऐसे सभी युवा नागरिक पात्र हैं, जो 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा उससे पूर्व 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं। ऐसे सभी पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शत-प्रतिशत सम्मिलित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं का नाम छूटना नहीं चाहिए। वर्तमान में प्राप्त फार्मों की संख्या अपेक्षित लक्ष्य से कम है तथा अभी काफी संख्या में पात्र मतदाताओं तक पहुंचना शेष है। उन्होंने अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों से अपील की कि घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक फार्म एकत्रित किए जाएं तथा महिला एवं 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्ध एवं अद्यतन होने से निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न होती है। इसलिए सभी संबंधित पक्ष मतदाता पंजीकरण कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि श्री उदयभान सिंह यादव ने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर संपर्क करने से मतदाता पंजीकरण का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बीएलओ बूथ पर बैठते हैं, लेकिन घर-घर जाकर संपर्क नहीं कर पाते। विशेषकर शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्रों में परिवर्तन होने के कारण मतदाताओं को अपने बूथ की जानकारी नहीं हो पाती है।
इस पर मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि बीएलओ कोई शिक्षक या आंगनबाड़ी से होता है ये पुनरीक्षण कार्य के लिए अलग से दायित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा भी बीएलओ को घर-घर जाकर भ्रमण करने के लिया कहा हैं। सभी बीएलओ पात्र मतदाताओं से संपर्क कर उनके आवेदन प्राप्त करें।
कांग्रेस प्रतिनिधि श्रीमती प्रेरणा जुबैरी ने सदर विधानसभा क्षेत्र के 301 बूथ संख्या पर कई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल न होने की बात रखी। इस पर माननीय मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि संबंधित मतदाताओं को एक स्थान पर एकत्रित किया जाए, जहां बीएलओ भेजकर उनके आवेदन प्राप्त कराए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। ऑनलाइन प्रक्रिया सरल एवं सुविधाजनक है, जिससे आवेदन में शुद्धता भी बनी रहती है।
मंडलायुक्त/रोल प्रेक्षक महोदय ने कहा कि निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) तथा राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा सूची में विद्यमान त्रुटियों को दूर कराने में बीएलओ का सहयोग करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
उन्होंने समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा महिला एवं युवा मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने में सभी संबंधित पक्ष सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के अंत में माननीय मंडलायुक्त महोदय/रोल प्रेक्षक ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बीएलओ को बूथवार लक्ष्य निर्धारित कर उपलब्ध कराएं। छोटे-छोटे समूहों में बीएलओ को बुलाकर नियमित एवं समयबद्ध समीक्षा की जाए। प्रत्येक बीएलओ से प्राप्त फार्मों की संख्या, उनमें महिला एवं पुरुष आवेदकों की संख्या तथा 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जाए।
उन्होंने कहा कि बूथवार महिला एवं पुरुष मतदाताओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित कर उसकी नियमित निगरानी की जाए तथा जहां पंजीकरण की प्रगति कम है, वहां विशेष प्रयास किए जाएं। सभी अधिकारी निर्धारित समयावधि में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करते हुए पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाएं।
उक्त बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, समस्त निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी भाजपा, संजीव भदौरिया भाजपा, उदयभान सिंह यादव समाजवादी पार्टी, प्रदीप शाक्य बबलू समाजवादी पार्टी, प्रेरणा जुबैरी कांग्रेस, मोहित प्रताप सिंह कांग्रेस, मुकेश कुमार अपना दल,राजेश कुमार वर्मा अपना दल, अमित चौरसिया अपना दल, अंकुर कुमार आप, संजीव शाक्य आप, सुरजन सिंह जाटव बहुजन समाज पार्टी, प्रेम शंकर यादव मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, नितिन यादव मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी सहित समस्त राजनैतिक दल उपस्थित रहे।


