
जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा 204-औरैया के विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के दिए निर्देश
28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान तिथि पर संबंधित मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 204-औरैया के विभिन्न मतदेय स्थलों एवं मतदेय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं पदाभिहित अधिकारियों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा प्राप्त आवेदन पत्रों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ऐसे युवा, जो 1 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा कर चुके हैं, उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही महिला मतदाताओं एवं नवविवाहित महिलाओं को भी चिह्नित करते हुए उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
उन्होंने बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने मतदेय स्थलों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर व्यापक जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान संचालित करें। विशेष रूप से नवविवाहित महिलाओं, स्थान परिवर्तन कर अन्यत्र निवास करने वाले पात्र नागरिकों तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से संपर्क कर उन्हें मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन तथा पते में परिवर्तन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से नियमानुसार कार्यवाही कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पुनरीक्षण कार्य संपादित करें।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की कि विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों 28 एवं 29 नवंबर, 2026 को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा नाम दर्ज न होने की स्थिति में आवश्यक प्रपत्र भरकर पंजीकरण की कार्यवाही पूर्ण कराएं। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से भी मतदाता पंजीकरण की सुविधा का लाभ उठाने पर विशेष बल दिया। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए ECINET ऐप का उपयोग करने हेतु नागरिकों को जागरूक किया जाए, जिससे वे ऑनलाइन माध्यम से भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं निर्वाचन संबंधी अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा युवा मतदाताओं, महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण एवं निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। अतः सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाना सुनिश्चित करें।
उक्त अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, जीएम डीआईसी सहित संबंधित बी एल ओ, पदाभिहित अधिकारी तथा आमजन आदि उपस्थित रहे।


