
निर्वाचन-2027 को समावेशी एवं सहभागी बनाने के उद्देश्य से महिला, दिव्यांग एवं युवा कार्मिकों द्वारा प्रबंधित मतदान स्थलों तथा मॉडल मतदान स्थलों के निर्धारण के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा :जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को समावेशी एवं सहभागी बनाने के उद्देश्य से महिला, दिव्यांग एवं युवा कार्मिकों द्वारा प्रबंधित मतदान स्थलों तथा मॉडल मतदान स्थलों के निर्धारण के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि निर्वाचन प्रक्रिया को इस प्रकार संपन्न कराया जाए कि मतदान एक उत्सव एवं पर्व जैसा प्रतीत हो। इसके लिए महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें मतदान के प्रति प्रोत्साहित किया जाए तथा मतदान केंद्रों पर बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 01-01 ऑल वूमेन मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां मतदान से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं एवं निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन महिला कार्मिकों द्वारा किया जाएगा। ऐसे मतदान केंद्रों का चयन किया जाए, जहां महिला मतदाताओं की संख्या अधिक हो, जिससे महिला मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
इसी प्रकार तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 01-01 ऑल पीडब्ल्यूडी मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इन मतदान केंद्रों पर समस्त निर्वाचन संबंधी कार्य दिव्यांग कार्मिकों द्वारा संपादित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मतदान केंद्रों का चयन किया जाए, जहां दिव्यांग मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक हो।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवा सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में एक ऑल यूथ मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मतदान केंद्र पर सभी निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं कार्यों का संचालन युवा कार्मिकों द्वारा किया जाएगा। इसमें नव नियुक्त युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का अवसर मिल सके।
उन्होंने मॉडल मतदान स्थलों के संबंध में निर्देश दिए कि ऐसे मतदान केंद्रों का चयन किया जाए, जहां मतदाताओं की संख्या अधिक हो तथा वहां आकर्षक एवं उत्सवपूर्ण वातावरण विकसित किया जा सके। मतदान केंद्रों को इस प्रकार तैयार किया जाए कि मतदाताओं को एक बेहतर अनुभव प्राप्त हो और वे उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें मतदान केंद्रों की सूची के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कराई जाएं। मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत, शौचालयों एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान केंद्रों की रंगाई-पुताई एवं आवश्यक मरम्मत कराकर उन्हें आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मतदान केंद्र पर किसी प्रकार का चुनावी प्रतीक अथवा प्रचार सामग्री प्रदर्शित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर एएमएफ (Assured Minimum Facilities) के अंतर्गत आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि जहां एनसीसी कैडेट उपलब्ध हों, वहां स्थानीय एनसीसी कैडेटों की भी सहयोग हेतु ड्यूटी लगाई जाए, जिससे मतदान दिवस पर व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में सहायता मिल सके।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करें, ताकि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, समावेशी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
उक्त बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, समस्त निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उपजिलाधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



