
सीतामढ़ी के सभी थानों में प्रतिदिन हो रहा रोल कॉल, पुलिसकर्मियों को दिए जा रहे आवश्यक निर्देश
अनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एसपी ने दिए निर्देश, पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनी जा रहीं
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों में पुलिस बल के अनुशासन और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रतिदिन अनिवार्य रूप से रोल कॉल (Roll Call) की प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को विभागीय दिशा-निर्देशों और आवश्यक जानकारियों से अपडेट रखना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा दिनभर की पुलिसिंग से जुड़ी कार्ययोजना तैयार करना है।
रोल कॉल के दौरान पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। साथ ही उनकी समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की जाती है, ताकि कार्यों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस विभाग की इस नियमित व्यवस्था से थानों में अनुशासन बनाए रखने, कार्यों की निगरानी करने और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।



