मध्य प्रदेशरीवा

विधानसभा अध्यक्ष ने जनसेवा की नई परंपरा शुरू की है – सांसद श्री शर्मा

रीवा: विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम आमजनता से जीवंत संपर्क एवं जन समस्याओं के निराकरण के लिए सात दिवसीय जनसंपर्क साइकिल यात्रा कर रहे हैं। साइकिल यात्रा ग्राम पुरवा, पड़रिया में आयोजित कार्यक्रम में समारोह पूर्वक शुरू हुई। सांसद खजुराहो लोकसभा क्षेत्र श्री व्हीडी शर्मा ने हरी झण्डी दिखाकर साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया। विधानसभा अध्यक्ष की इस यात्रा का समापन 31 अक्टूबर को देवतालाब स्टेडियम में होगा। यात्रा के प्रथम दिन विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम पड़रिया, शुकुलगवां, बेलहाई, फरेदी, देवरा फरेंदा, मनिकवार, हिनौती तथा रमपुरवा में आमजनता से संवाद किया। साइकिल यात्रा में 50 से अधिक साइकिल यात्री शामिल हैं।

ग्राम पुरवा में आयोजित जनसभा के बाद साइकिल यात्रा का शुभारंभ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष तथा सांसद श्री शर्मा ने कन्या पूजन करके समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनसंवाद तथा आमजनता की समस्याओं के निराकरण के लिए साइकिल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। मैंने विधानसभा अध्यक्ष को प्राप्त सभी प्रोटोकॉल साइकिल यात्रा तक के लिए त्याग दिए हैं। देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के जनसेवक विधायक के रूप में मैं साइकिल यात्रा कर रहा हूँ। राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हर जनप्रतिनिधि से मेरा यही अनुरोध है कि वे चाहे किसी पद पर पहुंच जायें आमजनता से सतत संपर्क और संवाद बनाये रखें। आमजनता ही लोकतंत्र को शक्ति देती है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति सोशल मीडिया के माध्यम से होने लगी है। सोशल मीडिया से इंटिमेशन होता है लेकिन इंटिमेसी यानी आत्मीय संबंध जनता के बीच जाकर ही होते हैं। मेरी साइकिल यात्रा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के 20 वर्षों के सुशासन का समर्पित है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कोरोना की दो भयंकर लहरों में देश को सफल नेतृत्व देकर संकट से उबारा। उन्होंने कहा कि सीतापुर से रायपुर के लिए 116 करोड़ रुपए की सड़क बनाई जा रही है। इसका निर्माण दो-तीन महीने में पूरा हो जाएगा। देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के 108 गांवों को जलजीवन मिशन से नल जल योजना की सौगात मिली है। आमजनता की कठिनाईयां दूर करने और विकास का लाभ देने के लिए मैं निरंतर प्रयास करता रहूँगा।

समारोह में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष तथा सांसद व्हीडी शर्मा ने कहा कि जनसंपर्क साइकिल यात्रा जन कल्याण के लिए की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम विन्ध्य के गौरव हैं। विधानसभा अध्यक्ष लोकतंत्र के मंदिर के मुखिया हैं फिर भी आमजनता से सतत संवाद बनाए रखने के लिए साइकिल यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने जनसेवा की नई परंपरा शुरू की है। मैं विधानसभा अध्यक्ष को यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूँ। विधानसभा अध्यक्ष का पूरा जीवन संघर्ष का प्रतिमान है। लोकतंत्र को जनता से ही ऊर्जा मिलती है। इसलिए जन-जन से संवाद और संपर्क होने पर ही लोकतंत्र को बल मिलेगा। जनता की सेवा ही भगवान की सेवा है।

सांसद श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। कोरोना संकट में देश को सफल नेतृत्व देकर नई दिशा दी है। उन्होंने वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करके कोरोना की स्वदेशी वैक्सीन तैयार कराई जिसके कारण सौ करोड़ लोगों को टीके लगना संभव हो सके। जिन व्यक्तियों ने वैक्सीन की दोनों डोज अब तक नहीं लगवाई हैं वे अवश्य टीके लगवाएं। समारोह में जिला अध्यक्ष भाजपा डॉ. अजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में विधायक मनगवां श्री पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक श्रीमती पन्नाबाई प्रजापति, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माया सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम, श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी, सुरेन्द्र सिंह चंदेल, संजय द्विवेदी, रणवीर सिंह रावत, शशांक शेखर श्रीवास्तव, पार्टी पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button