रीवा

विधानसभा अध्यक्ष ने कुष्ठ सेवा आश्रम गड्डी को एक लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की

विधानसभा अध्यक्ष ने कुष्ठ सेवा आश्रम गड्डी को
एक लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की
कुष्ठ आश्रम गड्डी के 35वें स्थापना समारोह में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष

रीवा : पीडि़त मानव सेवा संस्थान कुष्ठ सेवा आश्रम गड्डी का 35वां स्थापना समारोह विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र अध्यक्ष के तौर पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम ने कहा कि यह आश्रम पीडि़त मानव सेवा के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्रम के संस्थापक स्व. श्री अरविंद शुक्ला को नमन करते हुए घोषणा की कि आश्रम की सहायता के लिए एक लाख रुपए तत्काल प्रदान किए जाएंगे। साथ ही आगामी वित्त वर्ष में आश्रम के विकास व अन्य कार्यों के लिए जितनी धन राशि की आवश्यकता होगी वह उपलब्ध कराई जाएगी।


विधानसभा अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि आश्रम के अध्यक्ष नीरज शुक्ला एवं उनके सहयोगी तथा आश्रम से जुड़े व्यक्ति की सेवा भावना स्तुत्य है जो अपने पूरे मनोभाव से रोगियों के इलाज में जुटे हुए हैं। उन्होंने अपेक्षा की कि जिले के सभी जनप्रतिनिधि आश्रम के विकास व जरूरतों को पूरी करने में अपना सहयोग देंगे ताकि यह आश्रम राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि आश्रम के संस्थापक स्व. श्री शुक्ल के मन में हमेशा से सेवा का भाव था। उन्होंने पीडि़त मानव सेवा की स्थापना इसी उद्देश्य से की थी। आज यह आश्रम पूरी पवित्रता के साथ सेवाभाव से कार्य कर रहा है तथा आश्रम से जुड़े व्यक्ति भी नि:स्वार्थ भाव से मरीजों के इलाज व सेवा में लगे हैं। इससे पूर्व आश्रम के अध्यक्ष नीरज शुक्ला ने बताया कि आश्रम की स्थापना से लेकर अब तक पांच हजार कुष्ठ रोगियों सहित कुल 12 हजार मरीजों का इलाज हो चुका है। 35 एकड़ परिसर के आश्रम क्षेत्र में एक सौ से अधिक औषधीय पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने नि:स्वार्थ भाव से सेवा की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इंजीनियर पंचराज तिवारी ने आश्रम की स्थापना व अन्य कार्यों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। आश्रम के संस्थापक स्वर्गीय श्री अरविंद शुक्ला पर लिखी पुस्तक सेवा दर्पण का विमोचन हुआ। विधानसभा अध्यक्ष ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर अतिथियों का शॉल एवं श्रीफल से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में भैयालाल पाण्डेय, रवि तिवारी, अवधेश तिवारी, पुष्पेन्द्र गौतम सहित आश्रम से जुड़े हुए व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी व आसपास के क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button