
विशाल समाचार रीवा एमपी
कलेक्टर ने दिलाई आतंकवाद विरोधी दिवस की शपथ
रीवा एमपी: पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्य तिथि 21 मई पूरे देश में आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस दिन सार्वजनिक अवकाश होने के कारण जिले भर में 20 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया गया। सभी शासकीय कार्यालयों में प्रात: 11 बजे आतंकवाद विरोध दिवस की शपथ ली गई। कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर मनोज पुष्प ने अधिकारियों तथा कर्मचारियों को आतंकवाद विरोध दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि आतंकवाद मानवजाति का सबसे बड़ा दुश्मन है। आतंकवाद केवल एक प्रदेश अथवा देश ही नहीं बल्कि विश्वव्यापी समस्या है। आतंकवादी घटनाओं से निर्दोष लोगों को प्राण गंवाने पड़ते हैं। विचारधाराओं के संघर्ष का हिंसक होना चिंताजनक है। हमारा देश सदैव से शांति, सहिष्णुता और सद्भाव के मार्ग का प्रणेता रहा है। हम आतंकवाद का पूरी तरह से विरोध करते हैं। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


