
विशाल समाचार रीवा एमपी
विधानसभा अध्यक्ष ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का भूमिपूजन
क्षेत्र का विकास और जन कल्याण के कार्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है – विधानसभा अध्यक्ष
रीवा एमपी: विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने मनगवां में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इसका निर्माण पांच करोड़ 73 लाख की लागत से पीडब्ल्यूडी, पीआईयू विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस दो मंजिले भवन के निर्माण से 30 बिस्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम ने कहा कि मनगवां क्षेत्र में बहुत लंबे समय से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री जी की घोषणा तथा विशेष कृपा से मनगवां को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की सौगात मिली है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार होगा। आमजनता को अनेक रोगों के उपचार की सुविधा मिलेगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं क्षेत्र की जनता को मिल सकेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनकल्याण के कार्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हम सब छोटे-मोटे विरोध की चिंता नहीं करते। मलकपुर तालाब का सौन्दर्यीकरण तथा इसे बाणसागर की नहर से जोड़ने का कार्य शीघ्र शुरू होगा। मनगवां चौराहे में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओव्हर ब्रिाज निर्माण का कार्य मंजूर हो गया है। इसका निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होगा। सांसद जी, विधायक जी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से ओव्हर ब्रिाज का निर्माण संभव हो पाया है।
समारोह में विधायक मनगवां श्री पंचूलाल प्रजापति ने कहा कि आज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मनगवां का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन हो रहा है। नया भवन बन जाने से गरीबों को उपचार में सहूलियत होगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाने के लिए विधानसभा में मैंने ध्यानाकर्षण प्रश्न तक लगाया। विधायक श्री प्रजापति ने मलकपुर तालाब के सौन्दर्यीकरण एवं तहसील न्यायालय परिसर में वकीलों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था के संबंध में भी अपने विचार रखे।
समारोह में श्री सुरेन्द्र सिंह चंदेल, श्रीकांत तिवारी, श्री मन्नूलाल गुप्ता, श्री अवधेश तिवारी, श्री पुष्पेन्द्र गौतम, अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम संजीव पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर एके सिंह, बीएमओ डॉ पाण्डेय तथा आमजन उपस्थित रहे। समारोह का समापन सीएमएचओ डॉ एनएन मिश्रा द्वारा आभार प्रदर्शन से हुआ।
खरहना में किया सड़क का भूमिपूजन – विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने खरहना में गंगेव टिकुरी प्रणामी मंदिर से खरहना पहुंच मार्ग सड़क का भी भूमिपूजन किया। इस सड़क की लम्बाई 4.62 किलोमीटर है। इस सड़क का निर्माण तीन करोड़ 33 लाख 36 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा। सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जाएगा। इस अवसर पर विधायक मनगवां श्री पंचूलाल प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि व स्थानीयजन उपस्थित रहे।


