चुनाव प्रशिक्षण की हर जानकारी आत्मसात करें – जिला निर्वाचन अधिकारी
विशाल समाचार संवाददाता रीवा :. लोकसभा चुनाव के लिए 26 अप्रैल को मतदान कराया जायेगा। मतदान के लिए तैनात मतदान कर्मियों को जिला मुख्यालय में 3 केन्द्रों में चुनाव के प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण टीआरएस कालेज, मॉडल साइंस कालेज तथा विधि महाविद्यालय के विभिन्न कक्षों में दिया जा रहा है। माडल साइंस तथा विधि महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने जायजा लिया। विभिन्न कक्षों के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कर्मियों तथा मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण के संबंध में निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अधिकतर मतदान कर्मियों ने नवम्बर में विधानसभा चुनाव में सफलतापूर्वक मतदान कराया है। लोकसभा चुनाव में भी मतदान की प्रक्रिया पूर्ववत रहेगी। पीठासीन अधिकारी की निर्देश पुस्तिका का भलीभांति अध्ययन कर मतदान संपन्न कराएं। माकपोल कराने के बाद ईव्हीएम को अनिवार्य रूप से क्लियर करके वास्तविक मतदान शुरू कराएं। मास्टर ट्रेनरों द्वारा मतदान प्रक्रिया से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी विस्तार से दी जा रही है। हर जानकारी को पूरी तरह से आत्मसात कर लें। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर निर्वाचन आयोग बहुत कठोर कार्यवाही करता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी मतदान की महती जिम्मेदारी के लिए तैनात किए जा रहे है। प्रशिक्षण जितनी तन्मयता से प्राप्त किया जाएगा कार्य उतनी ही सुगंमता से होगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर लें। मतदान प्रक्रिया के संबंध में किसी भी तरह की जिज्ञासा अथवा शंका हो तो उसका समाधान कर लें। मतदान केन्द्र की व्यवस्था, वोटिंग मशीन के संचालन, माकपोल, मत पत्र लेखा तैयार करने, प्रपत्र 16 की जानकारी तैयार करने तथा मतदान केन्द्र में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में पूरी दक्षता प्राप्त कर लें। पूरी निष्पक्षता और निडरता के साथ मतदान सम्पन्न कराएं।
मतदान कर्मियों को निर्देश देते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सौरभ सोनवणे ने कहा कि सभी मतदान कर्मी मतदान केन्द्र की व्यवस्थाओं के संबंध में सभी निर्देशों का अध्ययन कर लें। ईव्हीएम के संचालन की भी पूरी जानकारी रखें। वास्तविक मतदान से पहले माकपोल कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित प्रपत्र में हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत की जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से देनी होगी। मतदान केन्द्र में मतदाताओं के अलावा केवल प्राधिकार पत्र प्राप्त व्यक्तियों को ही प्रवेश दें। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह, डॉ एसपी शुक्ला तथा मास्टर ट्रेनरों ने मतदान केन्द्रों की व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया, मतपत्र लेखा तैयार करने, मशीनों की सीलिंग, माकपोल, टेण्डर वोट तथा निर्वाचन की समस्त प्रक्रियों की जानकारी दी।


