
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया
विशाल समाचार संवाददाता रीवा: लोकसभा निर्वाचन 2024 में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान में भागीदारी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जिले में स्वीप गतिविधि के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय रीवा में दीवार लेखन कर मतदाताओं को जागरूक किया गया। त्योंथर विकासखण्ड के कोटरा खुर्द में महिलाओं को शपथ दिलाई गयी।
शासकीय महाविद्यालय गोविंदगढ़ एवं सिरमौर महाविद्यालय में छात्रों को राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता के बारे में बताया गया। मऊगंज जिले के बहेराडाबर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिला सदस्यों ने रैली निकालकर ग्रामीणजनों को मतदान के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में मतदाता जागरूकता रथ द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


