रीवा

सभी ग्रामीण नलजल योजनाओं में कार्य 10 अक्टूबर तक अनिवार्यत: प्रारंभ करें – कमिश्नर

सभी ग्रामीण नलजल योजनाओं में कार्य 10 अक्टूबर तक अनिवार्यत: प्रारंभ करें – कमिश्नर

कार्य प्रारंभ न होने पर कमिश्नर ने व्यक्त की नाराजगी

 

रीवा विशाल समाचार. रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी ग्रामीण नलजल योजनाओं में कार्य 10 अक्टूबर तक अनिवार्यत: प्रारंभ हो जाएं। पुनरीक्षित ग्रामीण नलजल योजनाओं में कार्य के लिए जिन एजेंसियों ने निविदाएं प्रस्तुत की हैं उनसे समन्वय बनाकर नियत समय तक कार्य प्रारंभ कराएं। कार्य न प्रारंभ करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही भी करें। कार्य प्रारंभ न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

 

 

कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में कमिश्नर ने कहा कि ग्रामीण जनता को पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अधिकारियों का दायित्व है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए रूचि लेकर कार्य प्रारंभ कराएं। उन्होंने कहा कि कार्य करने वाली एजेंसी को कार्य करने के लिए प्रेरित करें तथा पूरी कार्ययोजना के साथ सभी कार्य प्रारंभ कराएं। उन्होंने कहा कि सहमति के आधार पर नलजल योजनाओं में निविदा की कार्यवाही की गई थी। निविदा प्राप्त होने के बाद कार्य न प्रारंभ होना खेदजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय सीमा में कार्य प्रारंभ न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि वह स्वयं भी 10 अक्टूबर के उपरांत ग्रामों में पहुंचकर कार्य प्रारंभ होने व किए गए कार्य की प्रगति से अवगत होंगे। बैठक में अधीक्षण यंत्री महेन्द्र सिंह ने आश्वस्त किया कि नियत समय तक ग्रामीण नलजल योजनाओं के कार्य प्रारंभ कराकर समय सीमा में पूर्ण किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री तथा सहायक यंत्री उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button