
‘खेल रंगला वारकरियों का’ २८ सितम्बर को — पूरे महाराष्ट्र से हजारों वारकरी होंगे सहभागी
पुणे,:संतों का सार, वारकरियों की विरासत और अभंगों का अमृत — यही महाराष्ट्र की अनूठी पहचान है। इन्हीं परंपराओं और संस्कृति के सम्मान स्वरूप, महाराष्ट्र में पहली बार मिलिंद दादा वाळंज युवा मंच द्वारा भक्तिमय और अभिनव कार्यक्रम ‘खेल रंगला वारकरियों का’ आयोजित किया जा रहा है।
यह विशेष आयोजन रविवार, २८ सितम्बर को सुस स्थित सनीज वर्ल्ड में प्रातः ११ बजे से दोपहर २ बजे तक सम्पन्न होगा। इसमें पूरे महाराष्ट्र से हजारों वारकरी, कीर्तनकार और प्रवचनकार बड़ी संख्या में सहभागी होंगे। इस संबंध में जानकारी समाजसेवी मिलिंद वाळंज, हभप दशरथ महाराज वाहले, हभप पांडुरंग महाराज पारखी, प्रवीण मताले एवं अमित अखाडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
महाराष्ट्र की धरती पर भक्ति, आस्था, परंपरा और वारकरी संप्रदाय की झलक दर्शाने वाला यह आयोजन समाजसेवी एवं युवा उद्यमी मिलिंद नंदकुमार (बाबूजी) वाळंज के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है।
इस पहल की मुख्य विशेषताएँ होंगी — वारकरी परंपरा पर आधारित पारंपरिक खेल, मनोरंजन, आनंद-संगम एवं अभंग-गायन। इस अवसर पर वारकरी परंपरा के विविध पहलुओं को समर्पित खेल, भक्ति गीत, गवलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रतिभागियों में से चयनित १० भाग्यशाली विजेता युगलों को काशी यात्रा का हवाई अवसर प्रदान किया जाएगा। साथ ही विभिन्न खेलों में आकर्षक पुरस्कार जीतने का भी अवसर होगा।
इस अभिनव आयोजन के माध्यम से वारकरी जीवनशैली, भक्ति और अनुष्ठानों के साथ-साथ आनंद और उल्लास की अनमोल झलक देखने को मिलेगी।
आयोजक मिलिंद नंदकुमार वाळंज ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर वारकरी संप्रदाय के इस उत्सव का आनंद लेने की हार्दिक अपील की है।



