
आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश
औरैया विशाल समाचार: जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को आयोजित जूम मीटिंग के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। समीक्षा में आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन पर संतुष्टि प्रतिशत खराब पाए जाने पर उन्होंने गंभीर नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने स्तर से निस्तारण की समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि जहां भी लापरवाही या शिथिलता बरती गई है, वहां संबंधित पटल सहायक की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए और प्रतिकूल प्रविष्टि अथवा चेतावनी की कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण में लगातार खराब संतुष्टि प्रतिशत पाए जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि इस लापरवाही के लिए संबंधित लिपिक/आशुलिपिक को आज ही चेतावनी जारी की जाए।
समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद औरैया के अधिशासी अधिकारी द्वारा सन्दर्भों के निस्तारण में शिथिलता बरतने पर भी उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही निर्देशित किया कि मामलों के निस्तारण में गंभीरता बरती जाए ताकि संतुष्टि प्रतिशत की प्रगति में सुधार हो सके।
डॉ. त्रिपाठी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि लगातार खराब संतुष्टि प्रतिशत प्रदर्शित करने वाले विभागाध्यक्षों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि निस्तारण में गुणवत्ता लाते हुए संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति संतोषजनक न होने पर उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्मिकवार समीक्षा कर आज ही आख्या प्रस्तुत करें, ताकि कम प्रगति वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष योजना से संबंधित लंबित प्रकरणों पर भी जिलाधिकारी ने विशेष ध्यान देते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी को आज ही बैठक आयोजित कर सभी मामलों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
अंत में, जिलाधिकारी ने “समर्थ उत्तर प्रदेश विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान के तहत जनपद की कम प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त किया और मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी व जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि अपने विभागों में क्यूआर कोड के माध्यम से फीडबैक में प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि जनपद राज्य स्तर पर बेहतर स्थान प्राप्त कर सके।
#AuraiyaNews #DistrictMagistrate #IGRS #CMHelpline #AuraiyaVishalSamachar #UPGovt #RaniLaxmibaiScheme #FarmerRegistry #SamarthUP2047



