
मतदाता जागरूकता अभियान को जनआंदोलन बनाएं सभी विभाग : जिला निर्वाचन अधिकारी
अर्ह नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, आगामी निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खाद्य एवं रसद, शिक्षा, स्वास्थ्य, जिला कार्यक्रम विभाग, उपायुक्त स्वतः रोजगार सहित एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और स्काउट गाइड से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों ने अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं कराया है, उन्हें चिह्नित कर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता रैली एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। वहीं 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
खाद्य एवं रसद विभाग को उचित दर दुकानों के माध्यम से राशन कार्ड धारकों और ग्रामीण नागरिकों तक जागरूकता संदेश पहुंचाने को कहा गया। स्वास्थ्य एवं जिला कार्यक्रम विभाग को आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से महिलाओं, युवाओं तथा आमजन को मतदान के महत्व की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों के माध्यम से रैली, जनसंपर्क और शपथ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। सभी विभाग अपनी कार्ययोजना बनाकर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अभियान चलाएं और उसकी नियमित समीक्षा करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संत कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



