
निर्वाचन प्रेक्षक ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा की
हर पात्र मतदाता का नाम सूची में अनिवार्य रूप से शामिल करें – प्रेक्षक
रीवा विशाल समाचार: . राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार नगरीय निकायों तथा पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। आयोग द्वारा तैनात प्रेक्षक श्री मुन्नालाल सिसोदिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा की। प्रेक्षक ने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए बहुत कम आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। सभी बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करें। हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना अनिवार्य है। जिन घरों में 11 से अधिक मतदाता मिले हैं उनका शत-प्रतिशत सत्यापन करें।
प्रेक्षक ने कहा कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद 24 अक्टूबर तक दावे-आपत्तियाँ ली गई हैं। इन दावे-आपत्तियों का समुचित रूप से निराकरण करें। मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता से करें। सभी बीएलओ, ग्राम पंचायत सचिव तथा शहरी क्षेत्र में वार्ड प्रभारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए सचेत करें। बैठक में जनपद पंचायतवार तथा नगरीय निकायवार मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर बेक ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के संबंध में निकायवार जानकारी दी। बैठक में सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
