
स्वामित्व योजना के शेष प्रकरणों का 31 अक्टूबर तक प्रारूप प्रकाशन कराएं – कलेक्टर
पटाखे की दुकानों में सुरक्षा के समुचित प्रबंध कराएं – कलेक्टर
रीवा विशाल समाचार. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बाणसागर सभागार कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि दीपावली तथा अन्य त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में कानून और व्यवस्था की सतत निगरानी रखें। पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र का नियमित रूप से भ्रमण करें। पटाखा बिक्री की दुकानों को एस शेप में स्थापित कराएं। दो दुकानों के बीच में कम से कम तीन मीटर का अंतर रखें। बिक्री स्थल पर पर्याप्त मात्रा में रेत और रेत भरी बाल्टी रखवाएं। इन स्थानों में वाहनों की पार्किंग और प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था कराएं। केवल निर्धारित स्थल से ही पटाखा की बिक्री होगी। निर्धारित स्थल के अलावा यदि कहीं पर भी पटाखा और आतिशबाजी की बिक्री पाई जाती है तो कठोर कार्यवाही करें। एसडीएम पटाखा गोदामों का भी निरीक्षण करके भण्डारित मात्रा की जाँच करें। त्यौहारों के दौरान अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित मुख्यालय में रहें।
कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना से त्योंथर तथा जवा तहसीलों में बड़ी संख्या में प्रकरण लंबित हैं। इनके निराकरण में आर रही तकनीकी बाधा को प्रभारी अधिकारी दूर कराएं। स्वामित्व योजना में शेष बचे सभी प्रकरणों का 31 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से प्रारूप प्रकाशन कराएं। तहसीलदार जवा और त्योंथर स्वामित्व योजना के प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग में किसान सम्मान निधि के प्रकरण बड़ी संख्या में दर्ज हैं। अपात्र किसानों के आवेदन बंद कराएं। पात्र किसानों के संबंध में वस्तु स्थिति की जानकारी पोर्टल में दर्ज करें। सभी तहसीलदार सितम्बर और अक्टूबर माह में दर्ज शिकायतों तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण कराएं। तहसीलदार फार्मर रजिस्ट्री के भी प्रकरण पटवारियों के माध्यम से निराकृत कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता सेवा माह मनाया जा रहा है। इस अवधि में कार्यालयों की साफ-सफाई कराएं तथा कार्यालय अभिलेख व्यवस्थित कराएं। इसके साथ-साथ सभी अधिकारी लंबित प्रकरणों का निराकरण भी सुनिश्चित करें। सभी एसडीएम प्रकरणों के निराकरण की हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में कलेक्टर ने नरवाई प्रबंधन, सड़कों के सुधार तथा पेयजल व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर जीपी अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर सुधीर बेक तथा सभी तहसीलदार उपस्थित रहे।
