पूणे

कोरेगांव भीमा में विजय स्तंभ अभिवादन दिवस की तैयारियों की जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने की समीक्षा

कोरेगांव भीमा में विजय स्तंभ अभिवादन दिवस की तैयारियों की जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने की समीक्षा

 

पुणे (सोहन सिंह ):कोरेगांव भीमा में हर वर्ष होने वाले विजय स्तंभ अभिवादन दिवस के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने सोमवार को जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की। जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में आने वाले अनुयायियों के लिए सभी विभाग समय पर और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बैठक में बार्टी के महासंचालक सुनील वारे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल, पुलिस अधीक्षक संदीप गिल्ल, पुलिस सह आयुक्त सोमय मुंडे, निवासी उपजिलाधिकारी ज्योति कदम, समाज कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त विशाल लोंढे सहित पीडब्ल्यूडी, पुलिस विभाग, पीएमपीएल, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज और अग्निशमन दल के अधिकारी उपस्थित थे।

 

परिसर में मरम्मत, सजावट और स्वच्छता पर जोर

जिलाधिकारी डुडी ने विजय स्तंभ परिसर की दुरुस्ती, फूलों की सजावट, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बढ़ती भीड़ और वाहनों को देखते हुए बड़े वाहनों के लिए अलग पार्किंग क्षेत्र, दोपहिया और छोटे वाहनों के लिए अलग व्यवस्था तथा आवश्यक होने पर अतिरिक्त अस्थायी पार्किंग बनाने को कहा गया। साथ ही प्रवेश-निर्गमन मार्ग अलग-अलग रखने और दिशासूचक बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।

अनुयायियों की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्था

पैदल आने वाले अनुयायियों के लिए सुरक्षित मार्ग, छाया की व्यवस्था, पानी के पॉइंट और विश्राम स्थल बनाए जाएंगे। महिलाओं के लिए अलग रास्ता, हिरकणी कक्ष और स्वच्छता सुविधाएँ स्थापित की जाएँगी।

कार्यक्रम के दिन भारी भीड़ के मद्देनज़र मोबाइल टॉयलेट यूनिट बढ़ाने, स्वच्छ पेयजल की टंकियाँ लगाने और कचरा प्रबंधन के लिए विशेष टीम, कंटेनर और डंपर तैनात रखने के आदेश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार केंद्र, डॉक्टर-नर्सिंग स्टाफ, दवाइयाँ, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएँ लगातार सक्रिय रखने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था होगी कड़ी

जिलाधिकारी ने विस्तृत पुलिस बंदोबस्त, राज्य रिज़र्व पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी, 24×7 कंट्रोल रूम, वायरलेस सिस्टम, फायर ब्रिगेड और भीड़ की निगरानी के लिए ड्रोन सर्विलांस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बार्टी की ओर से बुक स्टॉल, जानकारी केंद्र और मार्गदर्शन के लिए स्वयंसेवक नियुक्त किए जाएंगे।

ऐतिहासिक कार्यक्रम, तैयारी में तेजी का निर्देश

जिलाधिकारी डुडी ने कहा कि यह ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व का आयोजन है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अनुयायियों के लिए सुरक्षित, सहज और सम्मान जनक वातावरण सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button