
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के दिये निर्देश
मऊगंज विशाल समाचार संवाददाता. कलेक्टर संजय कुमार जैन ने आज जिले में निर्धारित खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से धान खरीदी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने उपस्थित समिति प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों से निर्धारित सामान्य औसत किस्म का धान खरीदे तथा खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों को खरीदी केन्द्र में अनाश्यक इंतजार न करना पड़े और किसानों से किसी भी स्थिति में अतिरिक्त राशि न ली जाय।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिये कि प्रत्येक बोरी में तौल के बाद टैग और एक्सटेंसिल अनिवार्य रूप से लगाकर उसमें किसानों के पंजीयन क्रमांक दर्ज करें तथा किसानों को उपार्जित धान का समय सीमा में भुगतान करायें। कलेक्टर ने सेवा सहकारी समिति हर्दी शाखा पहाड़ी का निरीक्षण किया तथा उपार्जित केन्द्र में सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय ढेरा का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य को गति देने तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरे किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने सीतापुर बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्थित ढंग से दुकानों के संचालन के लिए दुकानदारों को निर्देशित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी भी उपस्थित रहे।


