पुणे में 11वें राष्ट्रीय कला उत्सव का उद्घाटन 20 दिसंबर को
पुणे : भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय और महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 11वें राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 का उद्घाटन शनिवार 20 दिसंबर को यशवंतराव चव्हाण विकास प्रशासन प्रबोधिनी (यशदा), पुणे में किया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आनंद राव पाटील, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, शिक्षा आयुक्त सचिंद्र प्रताप सिंह सहित शिक्षा विभाग व एनसीईआरटी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उत्सव में देशभर के राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय व नवोदय विद्यालयों तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के 918 विद्यार्थी, 108 शिक्षक और 36 परीक्षक भाग लेंगे। कार्यक्रम में गायन, वादन, नृत्य, नाटक व दृश्य कला सहित 12 कला विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी।
यह कला उत्सव 20 से 23 दिसंबर तक आयोजित होगा, जिसमें 23 दिसंबर को समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह होगा। यह आयोजन नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करेगा।



