
कैसुअरिना एडवेंचरएक्स’ रोमांचक प्रतियोगिता फरवरी में
महेंद्र लोकरे की जानकारी; लाइफफिट अरीना और कैसुअरिना रिसॉर्ट का संयुक्त आयोजन
पुणे विशाल सिंह: देश के एडवेंचर स्पोर्ट्स क्षेत्र को नई पहचान देने वाली पहली ‘कैसुअरिना एडवेंचरएक्स’ दो दिवसीय बहुआयामी रोमांचक प्रतियोगिता फरवरी 2026 में सह्याद्री पर्वत श्रृंखला में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन लाइफफिट एरीना और भोर स्थित कैसुअरिना रिसॉर्ट की ओर से किया जा रहा है। यह जानकारी लाइफफिट एरीना के संस्थापक महेंद्र लोकरे ने पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर कैसुअरिना रिसॉर्ट पार्क के राजेंद्र आवटे, गणेश जाधव, कोर टीम के सदस्य विजय नांदगांवकर और राजेंद्र जाधव उपस्थित थे।
महेंद्र लोकरे ने बताया कि सह्याद्री की मनोरम घाटमाथा पर होने वाली यह प्रतियोगिता देश की सबसे चुनौतीपूर्ण एडवेंचर रेस में से एक मानी जा रही है। यह केवल एक रेस नहीं, बल्कि एक अभियान है, जिसमें प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्तर पर खुद को परखने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का मार्ग मराठा साम्राज्य की गौरवशाली विरासत के साक्षी सिंहगढ़, राजगढ़ और तोरणा किलों को जोड़ने वाले प्राचीन मार्गों से होकर गुजरेगा। शिवाजी महाराज की पहली राजधानी रहे राजगढ़ किले को हाल ही में यूनेस्को की ‘मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स’ सूची में शामिल किया गया है, जिससे इस एडवेंचर इवेंट को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व भी प्राप्त होता है।
स्पर्धा का सबसे कठिन चरण ‘सह्याद्री एक्सपेडिशन’ होगा, जो कुल 150 किमी का है। इसमें 100 किमी साइक्लिंग, 42 किमी रनिंग, 8 किमी हाइकिंग (ट्रेकिंग) और 50 मीटर नदी पार करना शामिल है। इसके अलावा सह्याद्री एंड्योरेंस चैलेंज के तहत 75 किमी की स्पर्धा होगी, जिसमें 50 किमी साइक्लिंग, 8 किमी रनिंग और 17 किमी हाइकिंग शामिल है। सह्याद्री माउंटेन स्प्रिंट 25 किमी की होगी, जिसमें 8 किमी रनिंग और 17 किमी ट्रेकिंग, जबकि 10 किमी कैसुअरिना ट्रेल रन भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में सोलो (पुरुष/महिला), डुओ, ओपन, 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और कॉरपोरेट श्रेणियों में भागीदारी की जा सकेगी। इस आयोजन में 500 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। इच्छुक प्रतिभागी अधिक जानकारी और सहभागिता के लिए 8087608326 या 9970362883 पर संपर्क कर सकते हैं।



