
‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर’ को सफल बनाने में स्वयंसेवकों की अहम भूमिका : जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी
पुणे, (सोहन सिंह) बजाज पुणे ग्रैंड टूर–2026 अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतियोगिता के माध्यम से साइक्लिंग को नई ऊर्जा देने के साथ ही पुणे शहर की ‘साइकिलों के शहर’ के रूप में पहचान को पुनः स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 19 से 23 जनवरी 2026 के दौरान आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए जिले के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े विद्यार्थियों से स्वयंसेवक एवं दर्शक के रूप में बड़ी संख्या में सहभागिता करने का आह्वान जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने किया।
जिलाधिकारी पुणे जिला प्रशासन, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राष्ट्रीय सेवा योजना–सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय तथा बजाज के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरणशास्त्र सभागृह में आयोजित जनजागरूकता एवं समन्वय बैठक में बोल रहे थे। इस अवसर पर सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के प्र-कुलगुरू डॉ. पराग काळकर, उपविभागीय अधिकारी यशवंत माने, जिला नियोजन अधिकारी किरण इंदलकर, एनएसएस के डॉ. गणेश भामे, विद्यार्थी विकास मंडल की संचालक डॉ. सविता कुलकर्णी, जिला समन्वयक डॉ. अमित गोगावले सहित कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी डूडी ने कहा कि पुणे शहर का साइक्लिंग में गौरवशाली इतिहास रहा है। इस पहचान को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से जिले को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर’ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुणे के साइकिल खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निरंतर भाग ले रहे हैं तथा यहां की भौगोलिक परिस्थितियां और क्रीड़ा संस्कृति साइक्लिंग के लिए अनुकूल हैं। ‘टूर द फ्रांस’ की तर्ज पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ओलंपिक स्तर पर साइकिलिंग को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से देश की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ होगी। इसके सफल आयोजन के लिए सभी घटकों का सहयोग आवश्यक है। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस तथा विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्वयंसेवक और दर्शक के रूप में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्र-कुलगुरू डॉ. पराग काळकर ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का नेटवर्क सुदृढ़ किया जा रहा है, जो भविष्य में साइकिल खिलाड़ियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। पुणे को ‘साइकिलों का शहर’ बनाने के इस प्रयास में विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर भाग लेना



