
जिला स्तरीय समन्वय बैठक में योजनाओं की समीक्षा, सीतामढ़ी की राज्य रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार
सीतामढ़ी विशाल समाचार: समाहरणालय स्थित विमर्श सभाकक्ष में जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि बेहतर कार्य निष्पादन के कारण जिले की राज्य स्तरीय रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सामाजिक सुरक्षा में सीतामढ़ी ने बिहार में प्रथम स्थान, राजस्व कार्यों में चौथा, आवास योजनाओं में तीसरा तथा आरटीपीएस सेवाओं में पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि रैंकिंग में सुधार टीमवर्क और प्रतिबद्धता का परिणाम है। आम नागरिकों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन, आरटीपीएस सेवाओं की दैनिक मॉनिटरिंग, किसानों के निबंधन हेतु नियमित शिविर, तथा प्रखंड स्तरीय बैठकों की कार्यवाही समय पर भेजने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि स्वीकृत 680 हेल्थ सब सेंटरों में से 410 कार्यशील हो चुके हैं, शेष को शीघ्र फंक्शनल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर समाहर्ता संजीव कुमार, अपर समाहर्ता राहुल कुमार, वरीय उप समाहर्ता ऋषभ, एसडीसी मो. इस्लाम, डीपीआरओ कमल सिंह सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।



