
यूपी में अब कर्फ्यू, दंगा नहीं, सब जगह चंगा; AI हेल्थ समिट में बोले सीएम योगी, यहां सब खुशहाल
Yogi Adityanath in AI Health Summit: सीएम योगी आदित्यनाथ ने एआई हेल्थ समिट में यूपी में कानून व्यवस्था की स्थिति का जिक्र किया। कर्फ्यू और दंगा नहीं होने की बात कही।
लखनऊ विशाल समाचार: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य और आईटी विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय एआई हेल्थ समिट का उद्घाटन किया। इस मौके पर सीएम योगी ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज यूपी में कोई कर्फ्यू नहीं है। न ही दंगे होते हैं। अब यूपी में सब चंगा है। यहां हर कोई खुशहाल है। प्रदेश में निवेश भी आ रहा है। टूरिज्म भी बढ़ रहा है। यहां हर व्यक्ति अपने काम में लगा है। कारोबार में जुटा है, फिर चिंता क्यों हो? यह एक प्रयास है। सरकार के इसमें सहभागी बनने से प्रदेश की तरक्की सुनिश्चित हो रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ 2025 का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें देश-विदेश से 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु भाग लेने आए थे। प्रदेश में जहां लाखों में लोग नहीं आते थे। उस प्रदेश के टूरिज्म, धार्मिक स्थलों पर करोड़ों लोग पहुंच रहे हैं। यह भी नए रोजगार का सृजन कर रहा है। कोई गाइड के रूप में, कोई टैक्सी चालक के रूप में तो कोई रेस्टोरेंट-होटल चलाकर इनसे कमाई कर रहा है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा।
एआई पर दिया जोर
कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बीमारियों के पैटर्न और पूर्वानुमान की पहचान संभव होगी, जिससे किसी भी महामारी को फैलने से पहले ही रोका जा सकेगा। उन्होंने इसे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गेम चेंजर करार दिया। सीएम ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने तकनीक के बेहतर उपयोग से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।



