
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 का भव्य शुभारंभ
बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी विरासत बनेगा – मुख्यमंत्री
पुणे (सोहन सिंह तोमर):बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 केवल एक अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह आने वाली कई पीढ़ियों के लिए टिकाऊ आधारभूत ढांचे और खेल विरासत का स्वरूप लेगा। यह विचार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किए।
पुणे स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय बजाज पुणे ग्रैंड टूर के शुभारंभ और अंतरराष्ट्रीय साइकिल खिलाड़ियों के स्वागत समारोह में वे बोल रहे थे।
इस अवसर पर केंद्रीय सहकार राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ, राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटील, सामाजिक न्याय राज्य मंत्री माधुरी मिसाल, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव दातो मनिंदर पाल सिंह मंच पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पुणे जिला इतिहास, संस्कृति और आधुनिकता का संगम है। यहां हर किलोमीटर पर शौर्य, परंपरा और संस्कृति की कहानियां देखने को मिलती हैं। पुणे न केवल सांस्कृतिक राजधानी है, बल्कि तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग और आईटी क्षेत्र में भी अग्रणी शहर है। पश्चिमी घाट का प्राकृतिक सौंदर्य इस प्रतियोगिता को विशिष्ट ऊंचाई प्रदान करेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता शीघ्र ही वैश्विक खेल कैलेंडर की एक प्रतिष्ठित वार्षिक प्रतियोगिता बनेगी और इसके माध्यम से पुणे जिला खेल एवं पर्यटन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर प्रमुखता से उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 भविष्य की कई सदियों तक टिकने वाले मार्ग की शुरुआत है। प्रतियोगिता के साथ-साथ विभिन्न पूरक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे पर्यटकों को प्रकृति के साथ-साथ छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक किलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि ‘यूसीआई’ के इतिहास में मील का पत्थर साबित होने वाली इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। साथ ही सभी राइडर्स से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने विश्व के कम से कम 35 देशों से आए अंतरराष्ट्रीय साइकिल खिलाड़ियों, प्रबंधकों, प्रशिक्षकों और सहयोगी अधिकारियों का महाराष्ट्र सरकार की ओर से स्वागत किया। उन्होंने पुणे जिला प्रशासन और सभी शासकीय यंत्रणाओं को भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विशेष बधाई दी।
उन्होंने बताया कि अत्यंत कम समय में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयारी पूरी की गई और 437 किलोमीटर लंबी सड़कों को विश्व स्तरीय साइक्लिंग प्रतियोगिता के अनुरूप विकसित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल सड़कें ही नहीं, बल्कि आवश्यक संपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने इसे अभूतपूर्व गति का उदाहरण बताते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
इस अवसर पर पुणे संभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 पुणे और महाराष्ट्र की खेल, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय छवि के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने पुणेवासियों से इस ऐतिहासिक साइक्लिंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में सांसद प्रो. मेधा कुलकर्णी, विधायक उमा खापरे, अमित गोरखे, राहुल कुल, महेश लांडगे, चेतन तुपे, हेमंत रासने, शंकर जगताप, महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर, पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम, पुणे शहर पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार कुमार, पिंपरी-चिंचवड़ शहर पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, राज्य की खेल आयुक्त शीतल तेली-उगले, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
भारतीय पोशाक का अनूठा सम्मान
जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंच पर दुनिया भर से आए साइकिल खिलाड़ियों का स्वागत कर रहे थे, तब सभी की नजरें खिलाड़ियों की वेशभूषा पर टिक गईं। कुर्ता, पायजामा और उस पर जैकेट – इस पारंपरिक भारतीय उत्सव परिधान में सभी खिलाड़ी विशेष रूप से आकर्षक लग रहे थे।
इस दृश्य ने वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति का गौरव उजागर किया। विभिन्न भाषाओं, देशों और संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करने वाले साइकिलिस्ट एक ही पारंपरिक वेश में मंच पर खड़े दिखाई दिए। यह केवल औपचारिक स्वागत नहीं था, बल्कि “वसुधैव कुटुंबकम्” की भारतीय विचारधारा का सजीव दर्शन था।
भारतीय परंपरा का सम्मान करते हुए अंतरराष्ट्रीय अतिथियों ने पूरे अपनत्व के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। इस अनोखे स्वागत ने भारतीय संस्कृति, अतिथि सत्कार और वैश्विक संवाद की क्षमता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। खेल के माध्यम से संस्कृतियों को जोड़ने वाला यह क्षण उपस्थित दर्शकों के साथ-साथ विश्व भर के दर्शकों के लिए भी स्मरणीय बन गया।



