
गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
पुणे, विशाल सिंह:भारतीय गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विद्यानगर स्थित पुणे इंटरनेशनल स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जो शिक्षा मंडल के पूर्व सदस्य बालासाहेब जानराव के कर-कमलों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉक्टर हुलगेश चलवादी, पुणे इंटरनेशनल स्कूल की उपाध्यक्ष एडवोकेट रेणुका चलवादी, राहुल वाघमोडे, स्वप्निल शिर्के, योगगुरु नामदेव इंगळे सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इनमें समूहगान, समूह नृत्य, योगाभ्यास एवं सूर्य नमस्कार का विशेष प्रदर्शन शामिल रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

समारोह के दौरान विद्यालय में वर्षभर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के विद्यार्थियों को फुटबॉल, खो-खो, क्रिकेट एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमुख अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन अर्पिता रथ ने किया, जबकि अंत में स्मिता लोंढे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



