
77वें गणतंत्र दिवस पर सीतामढ़ी के सर्वांगीण विकास का संकल्प: जिलाधिकारी रिची पांडेय
गणतंत्र दिवस पर डीएम ने दोहराया सीतामढ़ी के समग्र विकास का संकल्प
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता
सीतामढ़ी जिला देश और राज्य के विकास के साथ कदम से कदम मिलाते हुए समग्र एवं समावेशी विकास की ओर निरंतर अग्रसर है। सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम-जन को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और आने वाले समय में जिले का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा। उक्त बातें जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्थानीय डुमरा हवाई अड्डा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में अपने संबोधन के दौरान कही।

इससे पूर्व जिलाधिकारी ने परेड का निरीक्षण किया तथा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में विधायक रीगा वैद्यनाथ प्रसाद, विधायक बथनाहा अनिल कुमार, विधान परिषद सदस्य श्रीमती रेखा कुमारी, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, अपर समाहर्ता संजीव कुमार, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने तिरंगे को सलामी दी।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि न्याय के साथ विकास को मूर्त रूप देने के लिए सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे जिला तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने जिले में हाल के वर्षों में हुए प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी देते हुए रीगा चीनी मिल के पुनः प्रारंभ होने, किसानों के बकाया भुगतान, मेहसौल आरओबी निर्माण, बुडको द्वारा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज कार्य की प्रगति का उल्लेख किया। साथ ही बताया कि भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण द्वारा लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से भिट्ठामोड़ में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे अंतर्देशीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की निधि से बेलसंड में बागमती नदी पर चंदौली घाट हाई लेवल पुल का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसका उद्घाटन हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इसके अलावा भारत सरकार ने सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के लिए 26 किलोमीटर नई रेल लाइन को स्वीकृति दी है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राम जानकी पथ के एलाइनमेंट में परिवर्तन कर इसे पुनौरा धाम, हलेश्वर स्थान एवं पंथ पाकड़ डोली स्थान से ले जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। बागमती प्रमंडल द्वारा बाएं एवं दाएं तटबंधों के उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण, सुरक्षात्मक कार्य एवं सड़क निर्माण से सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण एवं मुजफ्फरपुर जिले लाभान्वित होंगे।

जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि 8 अगस्त 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा पुनौरा धाम में मां सीता की जन्मस्थली के समग्र विकास की वृहद योजना का शिलान्यास किया गया। 67 एकड़ भूमि में 883 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण, ग्रामीण विकास, जीविका, मद्य निषेध, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना, पथ व भवन निर्माण, सामाजिक सुरक्षा एवं पंचायती राज सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं से जिले की जनता लाभान्वित हो रही है।

इसके पूर्व जिलाधिकारी ने सभी जिला वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्य समारोह का मंच संचालन एस.एन. झा द्वारा किया गया।



