
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 99 आवेदकों की समस्यायें सुनीं
रीवा विशाल समाचार: प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने 99 आवेदकों की समस्यायें सुनीं। कलेक्ट्रेट में प्राप्त आवेदनों को कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर समाधानकारक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर को सुमेदा निवासी दीपक सिंह बगैरह ने ड्रोन सर्वे के उपरांत आबादी क्षेत्र के कुछ घरों को छोड़कर नक्शा तरमीम की कार्यवाही का आवेदन दिया जिसे तहसीलदार हुजूर को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया। रमाकांत तिवारी पड़री के सीमांकन को निरस्त करने, रामचन्द्र कुशवाहा लोरी नं. 3 के शासकीय भूमि से रास्ता दिलाये जाने तथा द्वारिका प्रसाद भुजवा के सीमांकन कराने के आवेदनों पर संबंधित तहसीलदारों को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। इसी प्रकार पहाड़ी निवासी शिवकुमार विश्वकर्मा के अनाधिकृत सड़क निर्माण पर रोक लगाने, बेनी पुर्वा के संगीता द्वारा सीमांकन कराने तथा रकरिया निवासी राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा एवं प्रेमशंकर मिश्रा के खसरे से बंधक के तौर पर दर्ज बैंक का नाम हटाये जाने के आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को कार्यवाही करने के निर्देश दिया।
जनसुनवाई के दौरान जगन्नाथ सिंह बहिवार के कब्जे की भूमि के अतिक्रमण हटाने के आवेदन पर तहसीलदार सिरमौर को गढ़ निवासी द्वारिका प्रसाद शुक्ला के सीमांकन के आवेदन पर तहसीलदार मनगवां को, धोवखरा निवासी रमेश मिश्रा के नकल प्रदाय करने के आवेदन पर अभिलेखगार को तथा बोदाबाग निवासी सिमावती साकेत के गरीबी रेखा में नाम जोड़ने के आवेदन पर एसडीएम हुजूर को आवश्यक कार्यवाही के लिये कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया। इस दौरान ललई प्रसाद साकेत महत (तेंदुन) ने इलाज के लिये आयुष्मान कार्ड बनाये जाने का आवेदन दिया कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।

