जिला सहकारी बैंक में कम्प्यूटराईजेशन का कार्य पूरा
रीवा और मऊगंज की सभी सहकारी समितियाँ ई पैक्स घोषित
रीवा विशाल समाचार. जिला सहकारी बैंक रीवा तथा सभी सहकारी समितियों में कम्प्यूटराईजेशन का कार्य पूरा हो गया है। रीवा और मऊगंज जिले की सभी 148 सहकारी समितियों को ई पैक्स घोषित कर दिया गया है। कलेक्टर तथा जिला सहकारी बैंक की प्रशासक श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में तय समय सीमा में कम्प्यूटराईजेशन का कार्य पूरा किया गया है। अब जिला सहकारी बैंक की सभी शाखाओं तथा सहकारी समितियों में वित्तीय लेन-देन एवं अन्य अभिलेखों का संधारण ई पैक्स प्रणाली से शुरू हो गया है। इस संबंध में महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि ई पैक्स प्रणाली लागू हो जाने से बैंक और सहकारी समिति के वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी। किसानों तथा समिति के अन्य सदस्यों को वित्तीय लेन-देन में सहूलियत होगी। किसान क्रेडिट कार्ड की स्वीकृति और नवीनीकरण भी बहुत सरल हो गया है। ई पैक्स प्रणाली लागू हो जाने से खाद खरीदने, ऋण वितरण, ऋणों की वसूली, बचत खाते में राशि जमा करने एवं निकालने में सुगमता होगी। सहकारी समितियों तथा बैंक शाखा के मध्य होने वाले वित्तीय लेन-देन का मिलान कप्यूटराइज्ड हो गया है। सभी शाखा प्रबंधकों को प्रतिदिन के लेन-देन ईआरपी में दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। महाप्रबंधक ने तय समय सीमा में कम्प्यूटराईजेशन का कार्य पूरा करने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

