
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 75 आवेदकों के आवेदन प्राप्त किये
विभागीय अधिकारियों को कार्यवाही करने के दिये निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान : रीवा मध्य प्रदेश
दिनांक: 03 फरवरी 2026.
रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 75 आवेदकों के प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधानकारक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने गहिलवार निवासी रामकरण तिवारी के कब्जा दिलाये जाने के आवेदन पर एसडीएम जवा को तथा पटेहरा निवासी रामगुलेल सिंह के शासकीय रास्ता को बहाल किये जाने के आवेदन पर एसडीएम सिरमौर को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
जनसुनवाई में सहिजवार के ममता के अतिक्रमण पर रोक लगाने के आवेदन पर तहसीलदार त्योंथर को, ब्राजेश सिंह डोंडी के सह खाते में अपेक्षित कार्यवाही न होने के आवेदन पर तहसील सेमरिया को तथा सुशील कोल नौढ़िया के पुस्तैनी भूमि का पट्टा पूर्ववत रखने के आवेदन पर तहसीलदार गुढ़ को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। इसी प्रकार बोदाबाग निवासी सियावती साकेत के गरीबी रेखा में नाम जोड़ने के आवेदन, पड़री निवासी पुष्पेन्द्र सेन के पुस्तैनी जमीन को वापस दिलाने के आवेदन एवं बरा निवासी शशिकला यादव के खाद्यान्न का लाभ दिलाने के आवेदन पर संबंधित तहसीलदार को समुचित कार्यवाही करने के निर्देश जनसुनवाई में दिये गये। रामलाल श्रीवास्तव मझगवां के सीमांकन कराने के आवेदन पर नायब तहसीलदार इटौरा को तत्काल कार्यवाही करने तथा स्थापना शाखा कलेक्ट्रेट को परीक्षण कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर राजेश सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुरभि जैन ने भी आवेदकों की समस्यायें सुनीं।



