छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों को तत्काल वेरीफाई करें : कलेक्टर
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने महाविद्यालयों में छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों को तत्काल वेरीफाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने डीन अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय तथा मेडिकल कालेज, प्राचार्य इंजीनियरिंग कालेज, पशु चिकित्सा एवं पशुपालन कालेज, आयुर्वेद महाविद्यालय, आईटीआई तथा अन्य महाविद्यालयों को छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों को अविलंब वेरीफाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि महाविद्यालयों में वर्ष 2024-25 के अनुसूचित जनजाति के 465 एवं जनजाति वर्ग के 130 छात्रों के छात्रवृत्ति के आवेदन वेरीफाई न होने के कारण भुगतान के लिए लंबित हैं। जिसके कारण सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में शिकायतें की जा रही हैं और इससे विभाग एवं जिले की ग्रेडिंग भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में नोडल प्राचार्यों को पूर्व में निर्देशित किया गया था, लेकिन प्राचार्यों द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में भी महाविद्यालयीन छात्रवृत्ति के भुगतान न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई है। कलेक्टर ने संबंधितों को निर्देशित किया है कि छात्रवृत्ति और आवास सहायता के आवेदनों का शत-प्रतिशत वेरीफाई करना सुनिश्चित करें। प्रकरण लंबित पाए जाने पर संबंधित नोडल व प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।

