इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों संग बैठक

निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों संग बैठक

 

रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: इटावा , उत्तर प्रदेश

अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विचार-विमर्श बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में पहले से दर्ज है और वे अपना नाम किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराना चाहते हैं, उन्हें फॉर्म-08 भरना होगा, न कि फॉर्म-06। उन्होंने बताया कि जनपद में नो मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिनकी जनसुनवाई 21 जनवरी 2026 से चल रही है। साथ ही आयोग के निर्देशानुसार लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के मामलों में भी नोटिस जनरेट किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से इस कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के मामलों में केवल तीन अभिलेख लगाए जाने हैं तथा बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सुनवाई की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि आयोग के निर्देशानुसार आवेदक के आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मान्य किए गए हैं, जिनका सत्यापन एईआरओ द्वारा किया जाएगा। वहीं नो मैपिंग मामलों में मार्कशीट, पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र मान्य होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अब तक लगभग 55 हजार मतदाताओं की सुनवाई हो चुकी है, जिनमें से 46 हजार मामलों में सकारात्मक आदेश पारित किए गए हैं, किसी भी प्रकरण में नकारात्मक आदेश नहीं दिया गया है, जबकि लगभग 9 हजार मामलों की सुनवाई प्रक्रिया में है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के नहीं काटा जाएगा। साथ ही गांव-गांव कैंप लगाकर मतदाताओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें कृपा नारायण तिवारी, सत्येंद्र राजपूत, संजीव भदौरिया (भाजपा), प्रदीप शाक्य बबलू जिलाध्यक्ष, उदयभान सिंह यादव (समाजवादी पार्टी), वाचस्पति द्विवेदी (इंडियन नेशनल कांग्रेस), इकरार अहमद (आम आदमी पार्टी), मोहित जाटव (बहुजन समाज पार्टी), प्रेम शंकर (माकपा) सहित अन्य दलों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button