सीतामढ़ीबिहार

चोरौत में प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक एवं ‘जनता का दरबार’ आयोजित, 

चोरौत में प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक एवं ‘जनता का दरबार’ आयोजित, 

 

विभिन्न योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता

स्थान: सीतामढ़ी,बिहार

चोरौत प्रखंड अंतर्गत श्री लखन नारायण स्मारक उच्च विद्यालय के सभागार में आज प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक सह ‘जनता का दरबार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा आम नागरिकों की शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

बैठक के प्रारंभ में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अमित कुमार अमन ने प्रखंड में संचालित प्रमुख सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने किसान रजिस्ट्री अभियान की अद्यतन स्थिति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों की संख्या, लंबित आवेदनों के निष्पादन एवं भुगतान की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही अन्य विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों एवं उनके समाधान हेतु उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी।

‘जनता का दरबार’ सत्र के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा। पंचायत सरकार भवन के अभाव को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंचायत स्तर पर आधारभूत संरचना सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ सुलभ रूप से मिल सके।

इसके अतिरिक्त खनन गतिविधियों एवं अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी को निर्देशित किया कि इन मामलों की यथाशीघ्र जांच कर विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी श्री गौरव कुमार, डीएसपी सुश्री सुनीता कुमारी, एनईपी निदेशक श्री शशिकांत शर्मा, जिला पार्षद श्री नवल किशोर राउत, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button