
महाशिवरात्रि, होली, रमजान व ईद को लेकर जनपद स्तरीय सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
आपसी सौहार्द व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील, नई परंपरा शुरू करने पर रोक
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, आगामी महाशिवरात्रि, होली, रमजान, ईद-उल-फितर एवं अन्य पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद स्तरीय सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न वर्गों के धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आगामी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे, शांति एवं कानून व्यवस्था के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया गया।
समस्याओं पर दिए गए आवश्यक निर्देश
संभ्रांत नागरिकों ने विद्युत व्यवस्था, जलभराव, टूटी सड़कों, साफ-सफाई, शौचालय, जाम की स्थिति, वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों आदि समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल भरने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा गया। विद्युत विभाग को जर्जर तारों एवं ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित कवर करने तथा जल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। चेतावनी दी गई कि यदि सड़कें टूटी या उखड़ी पाई गईं तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, विद्युत, चिकित्सा, चेंजिंग रूम, सीसीटीवी कैमरे, संकेतक चिन्ह, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, मोबाइल टॉयलेट एवं महिला शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु प्रशासन के मुख्य अतिथि हैं और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।
नई परंपरा पर रोक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। बिना अनुमति कोई शोभायात्रा या धार्मिक जुलूस नहीं निकलेगा। केवल पारंपरिक कार्यक्रमों को ही अनुमति दी जाएगी।
अफवाह फैलाने वाले एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थान पर ही किए जाएं तथा यातायात बाधित कर कार्यक्रम न किए जाएं।
अधिकारियों ने कहा कि इटावा गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल रहा है, इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों ने आश्वासन दिया कि वे शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेंगे।
बैठक में एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, उपजिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
