
अच्छा प्रशिक्षण जनगणना को सरल बनाएगा – कलेक्टर श्री जैन
जनगणना संबंधी प्रशिक्षण आरंभ
मऊगंज :आगामी जनगणना 2027 के सुचारू, प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं व्यवस्थागत बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आगामी जनगणना भारत की अब तक की दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल जनगणना होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा में, बिना किसी दबाव के तथा पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए। अच्छा प्रशिक्षण जनगणना को सरल बनायेगा। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी अथवा अन्य समस्या उत्पन्न होती है तो उसका त्वरित समाधान डीआईएनआईसी के माध्यम से किया जा सकेगा। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना कार्य स्वयं गणना के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर नागरिक स्वयं अपना फॉर्म भर सकेंगे। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुगम एवं तकनीक आधारित होगी।
प्रशिक्षण में बीएलबीसी ऐप, मकान सूचीकरण के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त डैशबोर्ड , असाइन, हाउस मैपिंग जैसी इंटरफेस को विस्तार पूर्वक समझाया गया। इस बार की जनगणना पूरी तरह से डिजिटल होगी, जिसमें मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। जिसमें घर की स्थिति, परिवार की जानकारी, वाहन स्वामित्व, इंटरनेट सुविधा, पीने के पानी का स्त्रोत, शौचालय, एलपीजी कनेक्शन और मुख्य अनाज जैसी सभी जानकारी मुखिया से ही पूछी जाएगी। उसके बाद पोर्टल में जानकरी फिल करेगी और जानकारी को गोपनीय रखी जायेगी। जानकारी को पोर्टल में डालने के बाद बायोमेट्रिक लॉक करने को कहा गया ताकि यूजर आई डी सुरक्षित रहे। कही भी अपना मोबाइल चार्जिंग, फिशिंग, क्विशिंग, क्लोनिंग जैसे ऐप का प्रयोग न करें और कोई भी समस्या आने पर तत्काल अपने चार्ज अधिकारी को सूचना दें।
जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाएगा। प्रथम चरण एक मई 2026 से 30 मई 2026 तक तथा द्वितीय चरण एक फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संपन्न होगा। प्रशासनिक सीमाओं के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दो गांवों की सीमा आपस में नहीं मिलेगी। जिस भवन की जनगणना की जाएगी, उस भवन पर जनगणना का सीरियल नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाएगा। मानव संसाधन के संबंध में स्पष्ट किया गया कि जनगणना कार्य में केवल नियमित कर्मचारी ही सम्मिलित किए जाएंगे। अस्थायी रूप से विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को जनगणना कार्य में शामिल नहीं किया जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, संयुक्त कलेक्टर एपी द्विवेदी ,जनगणना संबंधी कर्मचारी उपस्थित रहे।

