
सहकारिता विभाग की योजनाओं की समीक्षा, 64.49 एमटी धान अधिप्राप्ति
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी,। सहकारिता विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने परिसदन भवन, सीतामढ़ी में विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विभागीय पदाधिकारियों के साथ धान अधिप्राप्ति सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक जिले में 64.49 एमटी धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है, जिससे 9621 किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिला है। मंत्री ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला निबंधन एवं परामर्शी समिति, प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स), व्यापार मंडल एवं अन्य सहकारी संस्थाओं के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ आम लोगों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि सहकारिता से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय में वृद्धि संभव है। राज्य सरकार सहकारिता को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी पदाधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी एवं सहकारिता कर्मी उपस्थित थे।

