प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों हेतु तीन दिवसीय प्रदर्शनी-सह-व्यापार मेला 26 से
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन MSME Development & Facilitation Office Muzaffarpur तथा जिला प्रशासन, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए तीन दिवसीय “पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी-सह-व्यापार मेला” का आयोजन 26 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक प्रखंड कार्यालय परिसर, बैरगनिया (आकांक्षी प्रखंड), जिला सीतामढ़ी, बिहार में किया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ 17 सितंबर 2023 को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से किया गया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को औपचारिक पहचान प्रदान करना, उनके कौशल का उन्नयन करना, आधुनिक औजार उपलब्ध कराना, सुलभ ऋण सुविधा सुनिश्चित करना, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देना तथा उनके उत्पादों के विपणन, ब्रांड प्रमोशन एवं बाजार से जोड़ने हेतु एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजित प्रदर्शनी-सह-व्यापार मेले का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को उनके उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा संभावित खरीदारों से सीधे संपर्क का अवसर प्रदान करना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके तथा स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम का उद्घाटन 26 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे प्रस्तावित है।
इस अवसर पर विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही आम जनमानस को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के विभिन्न प्रावधानों एवं लाभों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी। यह आयोजन स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

