
सीतामढ़ी में भूकंप परिदृश्य आधारित जिला स्तरीय मॉक ड्रिल सफल
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
सीतामढ़ी: राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सीतामढ़ी जिले में भूकंप परिदृश्य आधारित जिला स्तरीय मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस व्यापक पूर्वाभ्यास का उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन करना तथा संबंधित विभागों की तत्परता को परखना रहा।
इस क्रम में जिले के छह चिन्हित स्थलों पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इनमें सदर अस्पताल (मॉडल हॉस्पिटल), इंडस्ट्रियल एरिया, जिला योजना भवन (समाहरणालय परिसर), श्री कृष्णा पेट्रोल पंप (लगमा), रिलायंस ट्रेंड्स तथा एसआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज, गोसाईपुर शामिल रहे।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप के बाद आगजनी एवं भवन क्षति की आपात स्थिति को दर्शाते हुए घायलों के सुरक्षित रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, मलबा हटाने, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन तथा सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) की संपूर्ण प्रक्रिया का जीवंत अभ्यास किया गया।
पूर्वाभ्यास के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की उपस्थिति में संबंधित प्रतिनियुक्ति पदाधिकारी, कर्मी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी एजेंसियों—एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा मित्र, अग्निशमन दल, गृहरक्षक, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों—ने आपसी समन्वय के साथ तत्परता एवं दक्षता का प्रदर्शन किया। घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के सफल आयोजन से जिले में आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन की तैयारियों का प्रभावी प्रदर्शन हुआ। साथ ही आम नागरिकों में भी आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।


