
सीतामढ़ी–शिवहर के 100 से अधिक ईंट भट्टों का निरीक्षण, विसंगतियों पर होगी कार्रवाई
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी, बिहार
सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के ईंट भट्ठा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी के साथ शुक्रवार को राज्य कर संयुक्त आयुक्त, सीतामढ़ी अंचल के कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्च माह में राजस्व संग्रहण की स्थिति और उससे संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि फरवरी माह में सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के लगभग 100 से अधिक ईंट भट्ठों का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया जा रहा है। विश्लेषण के उपरांत पाई गई विसंगतियों के आधार पर संबंधित इकाइयों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही ऐसे ईंट भट्ठों के विरुद्ध भी कार्रवाई की बात कही गई, जिन्होंने अभी तक जीएसटी के अंतर्गत निबंधन प्राप्त नहीं किया है।
ईंट भट्ठा संघ के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार साह ने बताया कि 08 मार्च 2026 को जिला स्थित ईंट भट्ठों के मालिकों के साथ संघ की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वाणिज्य कर कार्यालय के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। उक्त बैठक में वित्तीय वर्ष के दौरान ईंट भट्ठों से प्राप्त होने वाले कर की समीक्षा की जाएगी।



