दुबई से 111 नागरिक सुरक्षित पुणे पहुंचे, शेष को लाने की प्रक्रिया जारी
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे,: मध्यपूर्व के कुछ देशों में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच दुबई में फंसे जिले के कुल 184 नागरिकों में से 111 नागरिक सुरक्षित रूप से पुणे पहुंच गए हैं। शेष नागरिकों को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। 19 नागरिकों की उड़ान का समय परिवर्तित किया गया है, जबकि 54 नागरिकों को लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। यह जानकारी पुणे के जिलाधिकारी Jitendra Dudi ने दी।
भारत सरकार और महाराष्ट्र शासन के निर्देशानुसार विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक जानकारी के लिए जिला आपदा प्रबंधन कक्ष से संपर्क करें।
इन देशों में सतर्क रहने की अपील
शासन ने पालेस्टाइन (रामल्लाह), कतर (दोहा), सऊदी अरब (रियाद), इज़राइल (तेल अवीव), ईरान (तेहरान), इराक (बगदाद), कुवैत, बहरीन, मस्कट, जॉर्डन तथा संयुक्त अरब अमीरात (अबू धाबी/दुबई) में रह रहे भारतीय नागरिकों से अत्यंत सतर्क रहने, अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावासों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
आपात स्थिति में संबंधित देशों में स्थित भारतीय दूतावासों के 24×7 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है। दूतावासों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
महाराष्ट्र शासन ने विदेशों में रह रहे राज्य के नागरिकों से शांत एवं संयमित रहने, केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क करने का आग्रह किया है। केंद्र सरकार और संबंधित दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क है।
जिला आपदा प्रबंधन से करें संपर्क
जिलाधिकारी श्री डुडी ने नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास न करने और किसी भी आवश्यकता की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 020-26123371 / 26133522 पर संपर्क करने का आग्रह किया है।

