कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता को लेकर जिलाधिकारी की कार्रवाई
सीतामढ़ी के जिलाधिकारी श्री रिची पाण्डेय द्वारा कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई है।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी,बिहार
बीट संख्या 07/01, थाना बाजपट्टी की महिला चौकीदार सीता कुमारी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें दो वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने का दंड अधिरोपित किया गया है। उल्लेखनीय है कि थाना बाजपट्टी कांड संख्या 176/22 के प्राथमिकी अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने के क्रम में उसके भाग निकल जाने की घटना को लेकर चौकीदार सीता कुमारी पर कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं संदिग्ध आचरण का आरोप पाया गया।
वहीं, थाना डुमरा के चौकीदार श्री रामलगन राय के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। थाना डुमरा कांड संख्या 261/22 में धारा 304बी/34 भा.दं.वि. के तहत मामला दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी के डर से वे दिनांक 19.06.2022 से बिना सूचना के अपने घर एवं कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाए गए। इस कृत्य को अनुशासनहीनता एवं संदिग्ध आचरण मानते हुए बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के नियम 3(1) के तहत उन्हें दो वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने का दंड अधिरोपित किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

