प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

वित्तीय अनियमितता एवं गबन के मामले में जिलाधिकारी की कार्रवाई, तीन लिपिकों पर गिरी गाज

वित्तीय अनियमितता एवं गबन के मामले में जिलाधिकारी की कार्रवाई, तीन लिपिकों पर गिरी गाज

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान:सीतामढ़ी,बिहार

सीतामढ़ी — वित्तीय अनियमितता एवं गबन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्री रिची पाण्डेय द्वारा जिले के तीन लिपिकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री दिलीप कुमार, तत्कालीन लिपिक, अंचल कार्यालय डुमरा (वर्तमान पदस्थापन प्रखंड कार्यालय रूनीसैदपुर) के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता एवं गबन से संबंधित चार आरोप लगाए गए थे। उक्त आरोपों के आधार पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की गई। विभागीय कार्यवाही के दौरान संचालन पदाधिकारी द्वारा सभी आरोपों को प्रमाणित पाया गया। इसके उपरांत उनसे द्वितीय कारण पृच्छा (Second Show Cause) पूछा गया, जिसका जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया।

इस कार्रवाई के तहत श्री दिलीप कुमार को भविष्य में सरकार के किसी भी संस्थान में सेवा का अवसर नहीं दिया जाएगा तथा उनके सभी सेवांत लाभ एवं जमा राशि को जब्त करने का आदेश दिया गया है।

 

वहीं श्री दिगंबर पांडे, तत्कालीन सेवा निवृत्त लिपिक, द्वारा लगभग साढ़े तीन वर्षों तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के मामले में भी विभागीय कार्यवाही संचालित की गई। संचालन पदाधिकारी द्वारा सभी आरोपों को प्रमाणित पाए जाने के बाद उनसे द्वितीय कारण पृच्छा पूछा गया। प्राप्त उत्तर असंतोषजनक पाए जाने पर उनके विरुद्ध दंडादेश पारित करते हुए पेंशन की राशि में 10 प्रतिशत कटौती करने का आदेश दिया गया है।

 

इसके अतिरिक्त अकिल अंजुम, लिपिक (पूर्व में प्रखंड कार्यालय नानपुर, वर्तमान पदस्थापन प्रखंड कार्यालय बाजपट्टी) के विरुद्ध अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा भेजे गए आरोप पत्र का अनुमोदन करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। इन पर मुख्य रूप से वित्तीय अनियमितता, गबन तथा नजारत का प्रभार नहीं देने से संबंधित आरोप लगाए गए हैं।

 

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वित्तीय अनियमितता और कर्तव्यहीनता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button