प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

अपर कलेक्टर मऊगंज ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा

अपर कलेक्टर मऊगंज ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा

फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व वसूली में तेजी लाएं – अपर कलेक्टर 

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश

मऊगंज . कलेक्टर कार्यालय मऊगंज के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय द्वारा जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक ली गई। बैठक में राजस्व विभाग के प्रमुख लक्ष्यों, फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व वसूली और लघु सिंचाई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर ने कहा कि जनहित के कार्यों और शासन की प्राथमिकताओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि यह शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पटवारियों के माध्यम से किसानों का डेटाबेस समय सीमा में अपडेट कराएं। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित रजिस्ट्री होने से किसानों को भविष्य में योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुगमता होगी।

अपर कलेक्टर ने कहा कि राजस्व वसूली में गति लाएं। बकाया राजस्व वसूली की स्थिति पर असंतोष जताते हुए अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को हिदायत दी। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। तहसीलवार वसूली की साप्ताहिक रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी जाए। लघु सिंचाई योजनाओं की समीक्षा बैठक में लघु सिंचाई योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। अपर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जो योजनाएं निर्माणाधीन हैं, उन्हें मानसून पूर्व या निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए ताकि किसानों को सिंचाई का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने सिंचाई संबंधी भूमि अर्जन और अन्य विभागीय बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे नियमित राजस्व मामलों की भी समीक्षा की तथा इनको प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। बैठक की उपस्थिति में संयुक्त कलेक्टर एपी द्विवेदी सहित, जिले के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button