पूणेमहाराष्ट्र

रिपब्लिकन पार्टी को राष्ट्रीय दल का दर्जा दिलाने का संकल्प: रामदास आठवले

रिपब्लिकन पार्टी को राष्ट्रीय दल का दर्जा दिलाने का संकल्प: रामदास आठवले

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान: पुणे महाराष्ट्र

पुणे। रिपब्लिकन पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से उसे सर्वसमावेशी स्वरूप देने का संकल्प रामदास आठवले ने व्यक्त किया। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री और आरपीआई (आठवले गुट) के प्रमुख आठवले ने कहा कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में से चार राज्यों में पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।

पुणे में आयोजित पत्रकार परिषद में उन्होंने बताया कि पार्टी को सभी जाति, धर्म, वंचित वर्ग, युवाओं और महिलाओं का प्रतिनिधित्व देने के लिए संगठन विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में आरपीआई चुनाव मैदान में उतरेगी।

इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें पुणे शहर अध्यक्ष संजय सोनवणे, प्रदेश अध्यक्ष राजाभाऊ सरोदे, जनरल सेक्रेटरी गौतम सोनवणे, उपमहापौर परशुराम वाडेकर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

आठवले ने बताया कि पार्टी के चयनित कार्यकर्ताओं का एक महत्वपूर्ण सम्मेलन पोर्ट ब्लेयर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन विस्तार की रणनीति तय की जाएगी। इसके अलावा पुणे में भी बैठक कर विस्तार की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने समाज में भेदभाव खत्म करने के लिए राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से संयुक्त प्रयास की अपील की।

मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भले ही महायुति से आरपीआई को सीटें नहीं मिलीं, लेकिन देवेंद्र फडणवीस ने विधान परिषद की एक सीट, दो महामंडलों के अध्यक्ष पद और पर्याप्त सदस्य पद देने का आश्वासन दिया है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के कथित विमान हादसे पर कहा कि उन्हें किसी साजिश की आशंका नहीं लगती, लेकिन मामले की गहन जांच होनी चाहिए और संबंधित कंपनी पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

भोंदू बाबा प्रकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसे सभी मामलों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि आरोपी के अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

संजय सोनवणे ही अधिकृत शहर अध्यक्ष

पुणे शहर में पार्टी के दो शहर अध्यक्ष होने के सवाल पर आठवले ने स्पष्ट किया कि संजय सोनवणे ही विधिवत निर्वाचित और अधिकृत शहर अध्यक्ष हैं। अन्य किसी का दावा असंवैधानिक है। उन्होंने बताया कि सोनवणे का कार्यकाल तीन वर्ष का है, जिसमें से लगभग दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्यकाल के बाद ही नई नियुक्ति चुनाव के माध्यम से होगा।

कई नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरपीआई में प्रवेश

इस मौके पर विभिन्न दलों के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता आरपीआई में शामिल हुए। इनमें बीएसपी के पूर्व पदाधिकारी हुलगेश मर्यप्पा चलवादी, अनिल कुमार त्रिपाठी, भीम सिंह चलवादी, हाईकोर्ट के वकील दीप चिंचोलीकर, पूर्व आईपीएस अधिकारी अविनाश इंद्रजीत मस्के, पूर्व प्रॉविडेंट फंड कमिश्नर विकास जावळे, प्रकाश सोनवणे, सुधीर वाघमोडे और संतोष आरडे (पूर्व नगरसेवक) सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इन प्रवेशों को सफल बनाने में प्रदेश सचिव बालासाहेब जानराव और शहर अध्यक्ष संजय सोनवणे की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button