
इटावा: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 13 शिकायतें, 2 का मौके पर निस्तारण—अधिकारियों को सख्त निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान :इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील ताखा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और निष्पक्ष कार्रवाई करें। उन्होंने प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जब अधिकारी गांवों का भ्रमण करें तो विभागीय योजनाओं का मौके पर सत्यापन करें और लाभार्थियों से फीडबैक अवश्य लें।
समाधान दिवस में कुल 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। सबसे अधिक शिकायतें जमीन से जुड़े मामलों की रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित मामलों में देरी का कारण स्पष्ट किया जाए और सभी प्रकरणों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि हर मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो, क्योंकि शासन स्तर से भी शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ताखा श्वेता मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



